लापरवाही और वित्तीय गड़बड़ी पर जिला पंचायत CEO का कड़ा प्रहार: NRLM के सहायक विकासखंड प्रबंधक सुधीर बिंद की संविदा सेवा समाप्त

 सामुदायिक संगठनों में मिलीं गंभीर वित्तीय विसंगतियां और लेखांकन त्रुटियां

  चेतावनी और मानदेय कटौत्रा के बाद भी कार्यप्रणाली में सुधार न आने पर हुई कार्रवाई

 * कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने जारी किया निष्कासन आदेश

कटनी

मध्य प्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) में लापरवाही और वित्तीय अनुशासनहीनता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। अतिरिक्त मिशन संचालक सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत कटनी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में पदस्थ सहायक विकासखंड प्रबंधक श्री सुधीर कुमार बिंद के विरुद्ध संविदा सेवा समाप्ति की बेहद सख्त दंडात्मक कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के अनुमोदन के उपरांत जारी इस आदेश से आजीविका मिशन के अमले में हड़कंप मच गया है।

संगठनों में वित्तीय गड़बड़ी और गैर-हाजिरी की थीं गंभीर शिकायतें

जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सहायक विकासखंड प्रबंधक पद पर कार्यरत सुधीर कुमार बिंद द्वारा पदीय दायित्वों के प्रति लगातार घोर उदासीनता और लचर रवैया अपनाया जा रहा था। उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्व-सहायता एवं सामुदायिक संगठनों में बड़े पैमाने पर वित्तीय विसंगतियां तथा लेखांकन में गंभीर त्रुटियां सामने आई थीं। इसके अतिरिक्त, श्री बिंद बिना किसी पूर्व सूचना अथवा सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनधिकृत रूप से ड्यूटी से नदारद रहते थे। शासकीय कार्यों के सिलसिले में दूरभाष पर संपर्क साधने पर फोन तक रिसीव नहीं करते थे।

मानदेय कटौत्रा और नोटिस का भी नहीं दिखा कोई असर

विभागीय सूत्रों के अनुसार, पूर्व में भी सुधीर बिंद को दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए कई बार लिखित चेतावनी पत्र जारी किए गए थे। दंडात्मक कार्रवाई के रूप में उनके मानदेय में कटौती भी की गई थी, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार परिलक्षित नहीं हुआ। विगत तीन वर्षों के वार्षिक मूल्यांकन में उनका प्रतिवेदन ‘औसत’ रहा, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन में उनका प्रदर्शन ‘औसत से कम’ दर्ज किया गया।

तीन माह का सुधार अवसर भी गंवाया, जवाब मिला असंतोषजनक

खराब परफॉर्मेंस को देखते हुए विभाग ने उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार करने और तय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए तीन माह का विशेष अवसर दिया था। निर्धारित अवधि पूरी होने के पश्चात जब उनके कार्यों का परीक्षण किया गया और कारण बताओ सूचना पत्र के विरुद्ध प्रस्तुत प्रतिवेदन का परिशीलन किया गया, तो उनका स्पष्टीकरण पूरी तरह असंतोषजनक व निराधार पाया गया।

संविदा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से बर्खास्त

लगातार मिल रही वित्तीय शिकायतों, अनधिकृत अनुपस्थिति और सुधारात्मक अवसरों की अनदेखी को दृष्टिगत रखते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवा नियमों व संविदा अनुबंध की शर्तों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय योजनाओं में वित्तीय अनियमितता और कार्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
30FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View