मझौली जनपद की ग्राम पंचायत टिकुरी में ‘सरकारी खजाने’ की खुली लूट

अफसरों की जांच में ‘भ्रष्ट’ साबित हुए सरपंच सीता देवी चौकसे-सचिव संतोष जैन, फिर भी कार्रवाई शून्य; अब सड़क के नाम पर डकार लिए 2.52 लाख!

 * जनपद जांच दल की रिपोर्ट पर कुंडली मारकर बैठे जिम्मेदार; 4.57 लाख रुपये सीधे निजी खातों में ट्रांसफर करने की हो चुकी है पुष्टि

 * धारा-40 में बर्खास्त हो चुकी हैं सरपंच सीता देवी; अब बिना काम शुरू हुए और बिना जीएसटी नंबर के बिलों से आहरित कर ली राशि

मझौली (जबलपुर),

जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत टिकुरी में भ्रष्टाचार की जड़ें किस कदर गहरी हो चुकी हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सरकारी जांच में खुद के बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करने का दोष सिद्ध होने के बावजूद सरपंच और सचिव पर अब तक कोई आंच नहीं आई है। प्रशासन की इस रहस्यमयी खामोशी का नतीजा यह हुआ कि जिम्मेदारों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने बिना सड़क बनाए ही फर्जी बिलों के सहारे ढाई लाख रुपये से अधिक की नई राशि भी आहरित कर ली। जांच प्रतिवेदन धूल फांक रहा है और ग्रामीण सिस्टम की बेबसी पर सवाल उठा रहे हैं।

जांच में प्रमाणित: ‘मेरा खाता-मेरा राज’ की तर्ज पर हुआ भुगतान

शिकायतकर्ता सुरेश कुमार बर्मन की शिकायत पर जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद स्तरीय जांच दल ने जब टिकुरी पंचायत के दस्तावेज खंगाले (पत्र क्र. 2810/ज.प./2026), तो नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। जांच दल ने स्पष्ट माना कि सरपंच श्रीमती सीता देवी चौकसे और सचिव संतोष जैन ने पंचायती राज अधिनियम को ठेंगा दिखाते हुए निर्माण कार्यों के 4 लाख 57 हजार 820 रुपये सीधे अपने निजी खातों में डाल लिए। इसमें सरपंच के खाते में 4,28,820 रुपये और सचिव के खाते में 29,000 रुपये का नियम विरुद्ध भुगतान प्रमाणित हुआ। हैरानी की बात यह है कि जनपद सीईओ द्वारा म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने के बाद भी फाइल आगे नहीं बढ़ सकी।

कहां-कहां से निकाले गए निजी खातों में रुपये?

 * लाइब्रेरी निर्माण: सरपंच ने 1,21,000 रु. और सचिव ने 1,550 रु. (कुल 1,22,550 रु.) अपने खाते में ट्रांसफर किए।

 * चबूतरा व रंगमंच: दो अलग-अलग कार्यों में सरपंच ने 83,000 रु. व 78,000 रु. तथा सचिव ने 10,000 रु. आहरित किए।

 * सामुदायिक भवन (बम्होरी): निर्माणाधीन कार्य में सरपंच ने 62,500 रु. और सचिव ने 17,000 रु. निजी खातों में लिए।

 * पंचायत भवन उन्नयन (विधायक निधि): सरपंच के खाते में सीधे 56,320 रुपये का भुगतान हुआ।

 * पेयजल व पाइप लाइन: दो कार्यों में सरपंच ने 28,000 रु. (23,000 + 5,000) और सचिव ने 450 रु. निकाले।

बर्खास्तगी से लेकर कोर्ट की राहत और फिर नया कारनामा

शिकायतकर्ता सुरेश बर्मन ने अब जिला पंचायत सीईओ को दोबारा पत्र सौंपकर दंडात्मक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी पंचायत कार्यों में परिवार की संलिप्तता सिद्ध होने पर सरपंच सीता देवी को धारा-40 के तहत पद से पृथक किया गया था, लेकिन उच्च न्यायालय से स्थगन/राहत मिलने के बाद वे पुनः कुर्सी पर काबिज हो गईं।

कागजों पर बन गई शांतिधाम सड़क, पोर्टल और बिल में भारी अंतर

पुराने घोटाले की जांच पूरी होते ही ग्रामीणों ने कमिश्नर और कलेक्टर से एक और बड़े फर्जीवाड़े की शिकायत की है। ग्राम टिकुरी में शांतिधाम सड़क निर्माण के लिए 3.66 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि धरातल पर सड़क का काम शुरू हुए बिना ही 2 जुलाई 2026 को ‘विश्वकर्मा ट्रेडर्स’ के नाम से 1,26,000-1,26,000 रुपये के दो बिल लगाकर 2,52,000 रुपये निकाल लिए गए। इन बिलों पर न तो जीएसटी नंबर है और न ही सरपंच-सचिव के हस्ताक्षर व सील। चौंकाने वाला पहलू यह है कि पंचायत दर्पण पोर्टल पर इन्हीं बिलों की राशि अलग-अलग (32 हजार और 94 हजार रुपये) दर्ज की गई है, जो सीधे तौर पर वित्तीय हेराफेरी और कर चोरी की ओर इशारा करती है।

 प्रशासनिक पक्ष:

टिकुरी पंचायत की जांच रिपोर्ट पर प्रस्तावित कार्रवाई और शांतिधाम सड़क मामले में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु संपर्क नहीं हो सका। प्रशासन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
29FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View