मध्य प्रदेश में सूर्य के तीखे तेवरों और लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन बेहाल कर दिया है।
जबलपुर
बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जबलपुर जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय (प्राइवेट) स्कूलों में प्री-प्रायमरी से कक्षा पांचवी तक के छात्र-छात्राओं के लिए 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में जबलपुर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लू (Heat Wave) और तापमान में और बढ़ोत्तरी होने की प्रबल संभावना है। इसी को देखते हुए राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशानुसार छोटे बच्चों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। स्कूल का समस्त शिक्षण स्टाफ और अन्य कर्मचारी पूर्व की भांति नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। वे इस दौरान शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का संपादन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि गर्मी की शुरुआत में जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन कर सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक का समय निर्धारित किया था। लेकिन दोपहर की तपिश और बढ़ते पारे को देखते हुए अब प्राथमिक कक्षाओं को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है।
“विद्यार्थियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। बढ़ते तापमान और लू के खतरों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कक्षा 5वीं तक की छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं।” — *प्रशासन, जिला जबलपुर
यह आदेश जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।




