जिले के सरकारी अस्पताल में चिकित्सा विज्ञान और कुदरत का एक अनोखा मेल देखने को मिला है।
सतना
यहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों (ट्रिपलेट्स) को जन्म दिया है। राहत और खुशी की बात यह है कि सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के माध्यम से हुए इस प्रसव में जच्चा और तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले के सलेहा थाना अंतर्गत उजनेही निवासी कंचन सोनी (34 वर्ष), पति रमेश सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर 26 अप्रैल को पन्ना जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां अल्ट्रासाउंड में गर्भ में तीन शिशु होने की पुष्टि होने पर बेहतर प्रबंधन के लिए उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया। 27 अप्रैल की शाम उन्हें लेबर रूम में भर्ती किया गया।
अस्पताल के लेबर रूम में डॉक्टरों की निगरानी में कंचन ने करीब डेढ़ घंटे के अंतराल में तीन बच्चों को जन्म दिया:
पहला बच्चा (बेटा):रात 10:34 बजे (वजन 2 किलो)
दूसरा बच्चा (बेटा):रात 10:45 बजे (वजन 2 किलो 300 ग्राम)
तीसरा बच्चा (बेटी): रात 11:57 बजे (वजन 2 किलो 650 ग्राम)
हैरानी की बात यह है कि कंचन सोनी के पहले से ही चार बच्चे (उम्र 11, 9, 7 और 5 वर्ष) हैं। अब तीन और शिशुओं के आने से परिवार में बच्चों की संख्या सात हो गई है। हालांकि, परिवार नियोजन के दावों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन सामान्य डिलीवरी और बच्चों के अच्छे वजन को देख परिजन बेहद खुश हैं।
“ट्रिपलेट प्रसव के बाद तीनों शिशुओं के साथ मां पूरी तरह स्वस्थ है। शिशुओं का औसत वजन सामान्य है, जो एक अच्छा संकेत है। फिलहाल सभी को ऑब्जर्वेशन के लिए पीएनसी (PNC) वार्ड में रखा गया है।”
डॉ. मंजू सिंह, एचओडी,
उल्लेखनीय है कि सतना जिला अस्पताल में इससे पहले नवंबर 2025 में भी ट्रिपलेट प्रसव का मामला सामने आया था। फिलहाल, अस्पताल का स्टाफ और डॉक्टर इस सफल प्रसव को अपनी बड़ी उपलब्धिमान रहे हैं।




