कहते हैं शादियां विश्वास की नींव पर टिकी होती हैं, लेकिन जबलपुर के बरेला क्षेत्र में एक शादी होने से पहले ही ‘अश्लील साजिश’ की भेंट चढ़ गई।
जबलपुर (बरेला)
दूल्हे को उसकी होने वाली पत्नी के आपत्तिजनक वीडियो भेजकर न केवल शादी तोड़ने की धमकी दी गई, बल्कि शादी से इनकार करने पर दूल्हे को दहेज के झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश भी की गई।
बरेला निवासी अजीत यादव की शादी महक यादव (परिवर्तित नाम) से तय हुई थी। घर में शहनाइयां बजने की तैयारी थी, लेकिन शादी से ठीक दो दिन पहले अजीत के मोबाइल पर कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो आए जिसने उसके पैरों तले ज़मीन खिसका दी। यह सामग्री दुल्हन के Ex-बॉयफ्रेंड ने भेजी थी।
इतना ही नहीं, उस युवक ने अजीत को खुलेआम धमकी दी:”अगर बारात लेकर महक के दरवाजे पर आया, तो गोली खाएगा। यह लड़की मेरी है और मेरी ही रहेगी।”
अपनी बदनामी और जान के खतरे को देखते हुए अजीत ने तत्काल शादी करने से इनकार कर दिया। लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब दुल्हन महक यादव ने अपनी गलती मानने या समझौता करने के बजाय ‘विक्टिम कार्ड’ खेला। वह सीधे थाने पहुँची और अजीत के खिलाफ दहेज की मांग के कारण शादी तोड़ने का झूठा प्रार्थना पत्र दे दिया। पुलिस ने शुरुआती दबाव बनाना शुरू किया, तो मामला पेचीदा हो गया।
दुल्हन के झूठे आरोपों से घबराया अजीत यादव न्याय की गुहार लेकर सीधे ASP (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) के पास पहुँचा। अजीत ने ASP महोदय के सामने वे तमाम सबूत, धमकी भरे मैसेज और अश्लील वीडियो पेश किए जो उसे भेजे गए थे।
पूरे साक्ष्यों का बारीकी से अवलोकन करने के बाद ASP ने पाया कि: दूल्हा दहेज लोभी नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग और साजिश का शिकार है।
दुल्हन द्वारा दी गई तहरीर प्रथम दृष्टया झूठी और बदले की भावना से प्रेरित है।
ASP ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल **बरेला थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि दूल्हे (अजीत यादव) के खिलाफ किसी भी प्रकार का मुकदमा दर्ज न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्दोष को झूठे दहेज एक्ट में नहीं फंसाया जाना चाहिए।
इस मामले ने समाज के सामने दो बड़े सवाल खड़े किए हैं। पहला— सोशल मीडिया के दौर में किसी की निजी तस्वीरों का इस्तेमाल कर जिंदगी बर्बाद करने वाले उस ‘Ex-बॉयफ्रेंड’ पर क्या कार्रवाई होगी? और दूसरा— कानून का सहारा लेकर निर्दोष पुरुषों को झूठे केस में फंसाने वाली महिलाओं पर लगाम कैसे लगेगी?
फिलहाल, पुलिस अब उस सिरफिरे आशिक की तलाश कर रही है जिसने वीडियो वायरल किए और दूल्हे को धमकी दी। वहीं, अजीत यादव ने कानून की इस त्वरित समझदारी के लिए प्रशासन का आभार जताया है।




