काम पर आने-जाने की राह होगी आसान, समय और किराए के पैसे की होगी बचत
* श्रम विभाग के पोर्टल और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-8888 से लें पूरी जानकारी
भोपाल/जबलपुर (मझौली दर्पण)।
प्रदेश के मेहनत-कश श्रमिकों के कल्याण और उनकी दैनिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। काम के सिलसिले में रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले पात्र पंजीकृत श्रमिकों के लिए ‘साइकिल अनुदान योजना’ संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
दैनिक आवागमन की परेशानी से मिलेगी मुक्ति
असंगठित और निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को प्रतिदिन कार्यस्थल, निर्माण साइटों या कारखानों तक पहुंचने के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता है या फिर अपनी गाढ़ी कमाई का एक बड़ा हिस्सा लोकल बस और ऑटो के किराए में खर्च करना पड़ता है। कई बार साधन न मिलने से काम पर देरी से पहुंचने का जोखिम भी बना रहता है। श्रमिकों की इसी व्यावहारिक परेशानी को ध्यान में रखते हुए शासन ने साइकिल खरीद पर 4 हजार रुपये की सीधी वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है, ताकि वे आसानी से और समय पर अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकें।
आर्थिक बचत के साथ स्वास्थ्य में भी होगा सुधार
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अनुदान से श्रमिक अपने लिए मजबूत साइकिल खरीद सकेंगे। इससे न केवल उनके दैनिक किराए के पैसों की सीधी बचत होगी, बल्कि साइकिल चलाने से उनका स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। योजना का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े मजदूर को आत्मनिर्भर और साधन-सम्पन्न बनाना है।
यहां करें संपर्क और आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए श्रमिक श्रम विभाग के आधिकारिक पोर्टल labour.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पात्रता शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन की प्रक्रिया से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए श्रम विभाग ने टोल-फ्री श्रमिक हेल्पलाइन नंबर 1800-233-8888 भी जारी किया है, जहां कॉल करके पूरी मदद ली जा सकती है। विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से इस कल्याणकारी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।