मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पदस्थ रहीं तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्रीमती ख्याति मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
कटनी
उनके कार्यकाल के दौरान पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की अब आधिकारिक तौर पर जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता आर. के. सोनी द्वारा की गई एक लिखित शिकायत के बाद शुरू हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कटनी में पदस्थापना के दौरान तत्कालीन CSP ख्याति मिश्रा ने अपने पद का अनुचित लाभ उठाया और कई प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया।
अधिवक्ता सोनी ने अपनी शिकायत में भ्रष्टाचार से जुड़े कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए थे, जिसके आधार पर विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। जांच टीम अब उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों और उन पर लगे आरोपों की सूक्ष्मता से पड़ताल कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के विरुद्ध जांच शुरू होने की खबर से कटनी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्र बताते हैं कि जांच के दौरान कुछ अन्य पुलिसकर्मियों और बिचौलियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
“न्याय की जीत होगी। पद पर बैठकर कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।”
अधिवक्ता आर. के. सोनी (शिकायतकर्ता)
अब देखना यह होगा कि जांच की आंच कहां तक पहुँचती है और आने वाले दिनों में क्या बड़े खुलासे होते हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़ नेटवर्क




