बरगी बांध जलाशय में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर जबलपुर पहुँचे।
जबलपुर
उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और दुख की इस कठिन घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 3 बजे भोपाल से डुमना एयरपोर्ट पहुँचे, जहाँ से वे सीधे पीड़ित परिवारों के पास गए। मुख्यमंत्री सबसे पहले वेस्ट लेंड खमरिया स्थित श्री कामराज के निवास पहुँचे। इस हादसे में श्री कामराज की पत्नी का निधन हो गया है, जबकि श्री कामराज स्वयं और उनका 5 वर्षीय पुत्र तमिल अब भी लापता हैं। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति जानी और परिवार के 10 वर्षीय पुत्र पुविथारन से भी मुलाकात की, जिसे सकुशल बचा लिया गया है।
डॉ. यादव ने भसीन रेसीडेंसी (साउथ सिविल लाइन) जाकर सैयद रियाज हुसैन से भेंट की। हादसे में सैयद रियाज की पत्नी श्रीमती रेशमा सैयद और उनकी समधन सैयदा शमीम फातिमा जैदी की मृत्यु हो गई थी। 72 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी सैयद रियाज ने मुख्यमंत्री को घटना की विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री दरहाई मार्ग स्थित श्री कृष्णा सोनी के निवास पहुँचे, जहाँ उन्होंने श्रीमती नीतू सोनी के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस परिवार का 5 वर्षीय बालक विराज सोनी अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक हृदय विदारक घटना है और सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




