खलरी में तेंदुए की दस्तक से थर्राया इलाका, स्कूल के बगल में दिखा खूंखार वन्यजीव; सूचना के बाद भी बेखबर वन विभाग

 * हायर सेकेंडरी स्कूल के ठीक पास खेत में दिखा तेंदुआ, सैकड़ों छात्र-छात्राओं और किसानों की जान पर मंडराया संकट

 * मोबाइल पर सूचना देने के बावजूद न मौके पर पहुंची टीम, न शुरू हुई गश्त; ग्रामीणों ने पूछा- क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है प्रशासन?

मझौली (जबलपुर), 

मझौली क्षेत्र के ग्राम खलरी में तेंदुए की खुलेआम आमद ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बुधवार शाम करीब 4 बजे गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के ठीक बगल वाले खेत में एक तेंदुआ देखे जाने के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। सबसे हैरानी और आक्रोश की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा तत्काल मोबाइल पर सूचना दिए जाने के बाद भी वन विभाग का अमला कुंभकर्णी नींद से नहीं जागा है।

स्कूली बच्चों और किसानों की जान पर सीधा खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर तेंदुआ देखा गया है, वह बेहद संवेदनशील है। इसके ठीक बगल में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित है, जहां प्रतिदिन आसपास के गांवों से सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। इसके साथ ही वर्तमान में खेती-किसानी का मुख्य समय होने के कारण सुबह से शाम तक खेतों में किसानों और मजदूरों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

सूचना के बाद भी न मुआयना, न गश्त

ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ दिखते ही उन्होंने जिम्मेदारी निभाते हुए तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को फोन पर पूरी जानकारी दे दी थी। उम्मीद थी कि विभाग का अमला तुरंत सक्रिय होगा, लेकिन अब तक न तो कोई अधिकारी या बीट गार्ड मौके का मुआयना करने पहुंचा है और न ही गांव में सुरक्षा के लिहाज से गश्त (पेट्रोलिंग) लगाई गई है।

ग्रामीणों में फूटा गुस्सा, उग्र विरोध की चेतावनी

वन विभाग की इस घोर उदासीनता और लापरवाही के खिलाफ ग्राम खलरी सहित आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सीधा सवाल किया है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी अनहोनी या जनहानि का इंतजार कर रहे हैं? अभिभावकों और किसानों ने दो टूक चेतावनी दी है कि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ यह खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर और वन मंडल अधिकारी (DFO) से तत्काल गांव में सर्चिंग अभियान चलाने, नियमित गश्त लगाने और पिंजरा लगाकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
30FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View