मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कटनी जिले के दौरे और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रमों को लेकर अब जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और एक्शन मोड पर आ गया है।
मझौली दर्पण न्यूज, कटनी
कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने के इरादे से गुरुवार को जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार खुद मैदान में उतरीं। दोनों शीर्ष महिला अधिकारियों ने सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झिंझरी और बहोरीबंद क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।
तैयारियों का ‘एक्स-रे’: विज्ञान प्रदर्शनी से लेकर बैठक व्यवस्था तक की टटोली नब्ज
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य और त्रुटिहीन बनाने के लिए प्रशासनिक अमला कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। झिंझरी स्थित सांदीपनि विद्यालय परिसर पहुंचे आला अधिकारियों ने पूरे परिसर और कमरों का औचक मुआयना किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर फोकस रहा:
कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी और आम जनता के बैठने के पुख्ता इंतजामों की समीक्षा की गई ताकि अव्यवस्था न हो।
मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम के दौरान होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा पर मंथन किया गया।
विद्यालय में आयोजित होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी के एक-एक कक्ष को देखा गया और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ सुश्री कौर और निगमायुक्त सुश्री परिहार ने मौके पर मौजूद प्राचार्य सर्व श्री अजय शंकर पांडे, धीरेंद्र कुमार अग्रवाल और शिक्षकों से सीधे संवाद कर एक-एक बिंदु की प्रगति रिपोर्ट ली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी हो जानी चाहिए।
बहोरीबंद के स्लीमनाबाद में जमीनी हकीकत देखने पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ
झिंझरी में मुस्तैदी दिखाने के बाद जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर का काफिला सीधे जनपद पंचायत बहोरीबंद के स्लीमनाबाद पहुंचा। स्लीमनाबाद ही वह मुख्य केंद्र है जहां मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित आगमन होना है।
सीईओ ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही डोम निर्माण, सुरक्षा घेरा, मंच व्यवस्था और अन्य तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। काम की गति को देखते हुए उन्होंने मौके पर तैनात विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट लहजे में निर्देश दिए कि काम में और तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सभी कार्य शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूरे हो जाने चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की समय-सीमा की कोताही अक्षम्य होगी।
**ब्यूरो रिपोर्ट:***मझौली दर्पण न्यूज (Majhauli Darpan News)
**प्रधान संपादक:** *सुंदर लाल बर्मन




