मझौली के बाजार प्लाट इलाके में शुक्रवार की रात उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब पुरानी रंजिश और लड़की से बातचीत के विवाद को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए।
मझौली (जबलपुर)।
दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, बेसबॉल बैट और लोहे की रॉड से जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान बाजार में जमकर पथराव हुआ और एक पक्ष की वेगनार कार को सरेराह आग के हवाले कर दिया गया, जबकि दूसरी कार में बेरहमी से तोड़फोड़ की गई।
देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मझौली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत कुल 16 से अधिक नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
पहला पक्ष: हर्ष सोनी गुट का आरोप – “दुकान पर धमकी दी और रास्ते में घेरकर लोहे की रॉड से पीटा”
एफआईआर नंबर 0279 के अनुसार, फरियादी हर्ष राज सराफ (उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 8) ने पुलिस को बताया कि उनकी इंदाना रोड पर सोने-चांदी की दुकान है। शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे 7-8 लड़के उनकी दुकान पर आए और उनके कर्मचारी संस्कार मिश्रा को हर्षराज को जान से मारने की धमकी देकर गए।
इसके बाद रात करीब 9:15 बजे जब हर्ष राज अपने साथियों अभिषेक दुबे और आशुतोष सोनी के साथ बाजार प्लाट से गुजर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
राकेश परोहा, अनुज परोहा, मनोज परोहा, अभिषेक परौहा, आयुष परोहा, अभिजीत परोहा, पुष्पेन्द्र परौहा और स्वयं प्रकाश तिवारी ने उन्हें घेरा, गाली-गलौज की और लात-घूंसों के साथ-साथ लाठी, डंडे, बेसबॉल बैट और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में हर्ष राज, आशुतोष सोनी और अभिषेक दुबे के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आए अंशुल साहू और अमन चौहान के सामने आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने इस पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 118(1), 126(2), 191(2), 191(3), 296(b), और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया है।
दूसरा पक्ष: स्वयं प्रकाश तिवारी का आरोप – “लड़की से बात करने का विवाद, वेगनार कार फूंकी और जमकर की मारपीट”
वहीं दूसरी ओर, एफआईआर नंबर 0280 के मुताबिक, दूसरे पक्ष के फरियादी स्वयं प्रकाश तिवारी (निवासी कटंगीकला, कटनी) ने इस पूरे फसाद की जड़ पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को बताया है।
तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी अपर्णा मझौली में अपने मामा राकेश परोहा के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। करीब 6 महीने पहले हर्ष सोनी को उनकी लड़की से बात करते देखा गया था, जिसे मना करने पर भी वह बाज नहीं आया। 3 महीने पहले हर्ष को कटंगीकला स्थित घर के अंदर पकड़ा गया था, जिसकी रिपोर्ट महिला थाना कटनी में भी दर्ज है। इसी रंजिश के चलते हर्ष सोनी ने लड़की की तय हो चुकी शादी भी तुड़वा दी थी।
शुक्रवार की रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच हर्ष सोनी अपने साथी नरेन्द्र सोनी, गणेश सोनी, अंशुल साहू, अल्लू सोनकर, राज सोनकर, आईला साहू, सतू चौरसिया और आशुतोष सोनी के साथ राकेश परोहा के घर पहुंचा। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इसी बीच गणेश सोनी ने घर के बाहर खड़ी साले मनोज परौहा की वेगनार कार (क्र. MP 20 CD 4282) में आग लगाकर उसे पूरी तरह फूंक दिया साथ ही वहां खड़ी आर्टिका कार (क्र. MP 20 CK 7221) में भी पत्थर मारकर तोड़फोड़ की।
पीड़ित परिवार रिपोर्ट दर्ज कराने थाने आ रहा था, तब बाजार प्लाट में आरोपियों ने उन्हें फिर घेरा। हर्ष सोनी ने अभिषेक परौहा की उंगली पर डंडे से वार किया, जबकि गणेश और नरेंद्र सोनी ने अनुज परौहा के दोनों हाथों पर चोट पहुंचाई। सुशील परोहा को भी लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। अतुल वर्मन और मंजे सिंह ने इस घटना में बीच-बचाव किया।
पुलिस ने इस शिकायत पर हर्ष सोनी व उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 324(5) [आगजनी/सम्पत्ति को नुकसान], 326(b), 126(2), 296(b), 115(2), 191(2), 191(3), और 351(3) के तहत संगीन मामला दर्ज किया है।
कानून व्यवस्था सख्त: उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा
इस दोहरे खूनी संघर्ष और सरेराह कार फूंकने की वारदात से मझौली कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। दोनों मामलों की विवेचना प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) दशेंद्र कुमार दीक्षित (नंबर 1016) को सौंपी गई है।
बाजार प्लाट मझौली में दो पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस कायमी की गई है। कानून हाथ में लेने और कस्बे की शांति भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
नेहरू सिंह खंडाते, थाना प्रभारी मझौली




