तहसील मझौली क्षेत्र में अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मझौली (जबलपुर)
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में तहसील मझौली पोंडा अंतर्गत ग्राम कुकरई में अवैध मिट्टी और भसूआ रेत उत्खनन करते पाए गए वाहनों और मशीनों को जब्त किया गया।
यह कार्रवाई एसडीएम सिहोरा श्री पुष्पेंद्र आहके एवं माइनिंग अधिकारी श्री ए.के. राय के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त तहसीलदार पोंडा श्री ललित ग्वालवंशी और खनिज निरीक्षक श्री शिवपाल चौधरी के नेतृत्व में गठित दल ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलग्न 2 डंपर (एक 6 चक्का, एक 10 चक्का), 1 जेसीबी मशीन और 1 ट्रैक्टर को जब्त किया।
अमले को देखते ही वाहन चालक और मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए, जिससे अवैध उत्खनन माफिया की संलिप्तता की आशंका और गहरी हो गई है। प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था कर सभी जब्त वाहनों को थाना गोसलपुर में सुरक्षित सुपुर्द किया।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध उत्खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई न केवल अवैध उत्खनन पर रोक की दिशा में अहम कदम है, बल्कि प्रशासन की सख्ती का साफ संदेश भी देती है।




