जनपद अध्यक्ष के गृह क्षेत्र दर्शनी में बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण, सरपंच ने PHE विभाग के खिलाफ खोला मोर्चा

अधूरे कार्यों की खुली पोल: संपवेल से लेकर सप्लाई और कनेक्शन तक सब आधा-अधूरा, बिना हैंडओवर योजना थोपने की कोशिश

 * सरपंच ने झाड़ा पल्ला: बोले— ‘जब तक काम विधिवत पूरा नहीं होता, टूट-फूट और बिजली बिल की जिम्मेदारी PHE की, पंचायत नहीं लेगी जिम्मा’

 * सियासी गलियारों में हलचल: जनपद पंचायत मझौली अध्यक्ष विद्या दिनेश चौरसिया के प्रभाव क्षेत्र में ही सरकारी दावों की निकली हवा

मझौली/दर्शनी (जबलपुर):

शासन की महत्वाकांक्षी ‘जल जीवन मिशन’ योजना जमीनी स्तर पर ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। विडंबना यह है कि यह बदहाली किसी सुदूर इलाके की नहीं, बल्कि जनपद पंचायत मझौली की अध्यक्ष विद्या दिनेश चौरसिया के गृह क्षेत्र की है। ग्राम पंचायत दर्शनी में कागजों पर तो योजना चालू दिखा दी गई, लेकिन धरातल पर ग्रामीण आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

ठेकेदारों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के गैर-जिम्मेदाराना रवैये से नाराज ग्राम पंचायत दर्शनी के सरपंच सुमित राय ने विभाग को कड़ा पत्र लिखकर पूरे मामले की कलई खोल दी है।

अधूरे निर्माण पर लीपापोती, चार बड़े काम अब भी लटके

सरपंच सुमित राय द्वारा पीएचई उपसंभाग सिहोरा को भेजे गए आधिकारिक पत्र में योजना के तहत हुए घटिया और आधे-अधूरे निर्माण कार्यों की सूची सामने रखी गई है:

 * संपवेल निर्माण अधूरा: मुख्य संपवेल का काम अधूरा पड़ा है, जिससे जल भंडारण संभव नहीं हो पा रहा।

 * दर्शनी टोला में ठप सप्लाई: पाइपलाइन और सप्लाई का बुनियादी ढांचा अधूरा छोड़ दिया गया।

 * आश्रम कॉलोनी में बिजली व संपवेल अटका: आश्रम कॉलोनी में बिजली कनेक्शन और संपवेल का कार्य अधूरा है।

 * घरेलू कनेक्शन अधूरे: अधिकांश घरों तक नल के कनेक्शन ही नहीं पहुंचाए गए।

‘अधूरी योजना नहीं लेंगे, बिजली बिल और मेंटेनेंस PHE भरे’

सरपंच सुमित राय ने दो टूक शब्दों में विभाग को चेताया है कि दर्शनी टोला में जिस योजना को चालू बताकर वाहवाही लूटी जा रही है, वह पूरी तरह अपूर्ण और नियम-विरुद्ध है। निर्माण और क्रियान्वयन के दौरान ग्राम पंचायत को किसी भी स्तर पर विश्वास में नहीं लिया गया और न ही कोई तकनीकी जानकारी साझा की गई।

सरपंच ने स्पष्ट किया कि जब तक विभाग सभी कार्यों को विधिवत और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करके पंचायत को विधिवत हैंडओवर नहीं सौंपता, तब तक योजना की किसी भी प्रकार की टूट-फूट, मेंटेनेंस या बिजली बिल की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत दर्शनी की नहीं होगी। इसकी पूरी आर्थिक और प्रशासनिक जवाबदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की रहेगी।

जनपद अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में पानी को हाहाकार, उठे सवाल

जनपद पंचायत मझौली की अध्यक्ष विद्या दिनेश चौरसिया के अपने ही क्षेत्र में जल संकट का यह आलम स्थानीय प्रशासनिक मशीनरी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब जनपद के शीर्ष नेतृत्व के गृह इलाके में यह स्थिति है, तो बाकी पंचायतों का हाल समझा जा सकता है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन व कलेक्टर जबलपुर से इस पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषी ठेकेदार व PHE अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
30FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View