जांच के दौरान हमला, आवेदक लहूलुहान — पटवारी जान बचाकर भागा
मझौली (जबलपुर)।
ग्राम देवरी पीपल में शासकीय खसरा नंबर 186 शमशान घाट भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय हिंसक हो गई, जब जांच के दौरान दबंग अतिक्रमणकर्ताओं ने आवेदक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में सुनील सिंह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए, जिन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पीड़ित के अनुसार, अतिक्रमण की जांच के दौरान गजराज सिंह, महेंद्र सिंह, ब्रजेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, अशोक सिंह, कृष्ण कुमार और वासु सिंह ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि ब्रजेंद्र सिंह ने हथियार से बार-बार हमला किया, जबकि मौके पर मौजूद पटवारी प्रभात मयंक जान बचाकर भागने को मजबूर हुए।
चौंकाने वाली बात यह है कि कलेक्टर जबलपुर ने 13 जनवरी 2026 की जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, इसके बावजूद दबंगों का निर्माण कार्य जारी है। पीड़ित पक्ष ने मझौली पुलिस पर काउंटर केस दर्ज कर बचाने वालों को फंसाने का आरोप लगाया है।
मामले ने प्रशासनिक कार्रवाई, कानून-व्यवस्था और दबंगई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों ने आरोपियों को जेल भेजने और निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी है।




