“वाश ऑन व्हील (WOW)” सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पीपीटी के माध्यम से बैठक में दी गई जानकारी
अब एक कॉल पर पाएं चलित सफाई सेवा
कटनी (23 दिसम्बर)-
ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू/ संस्थागत/ सामुदायिक शौचालय की ऑन साइट साफ सफाई के लिए *वॉश ऑन व्हील (wow)* सेवा जिले में प्रारंभ हो चुकी है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के उद्देश्य को साकार रूप देने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और एडीएम नीलांबर मिश्र की मौजूदगी में समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वॉश ऑन व्हील (WOW) सेवा का उपयोग अन्य विभागों के अधिकारी, स्वच्छता साथियों को निर्धारित शुल्क अदा कर उठाएं। स्वच्छ भारत अभियान के जिला समन्वयक कमलेश सैनी ने समय सीमा की बैठक में वॉश ऑन व्हील सेवा अभियान के संबंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि एक कॉल पर चलित सफाई सेवा का लाभ आमजन उठा सकेंगे। श्री सैनी ने बताया कि समस्त तहसील और जनपद पंचायत मुख्यालयों पर पीपीटी के माध्यम से वाश ऑन व्हील सेवा से संबंधित जरूरी जानकारी साझा की गई है। उल्लेखनीय है कि इस सेवा के उपयोग हेतु एक मोबाइल एप “*स्वच्छता साथी वाश ऑन व्हील (SS-WOW)*” तैयार किया गया है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पीपीटी से साझा की जानकारी
स्वच्छ भारत अभियान के जिला समन्वयक श्री सैनी ने बताया कि स्वच्छता साथी की सलंग्नता, स्वच्छ एमपी पोर्टल पर पंजीयन, ग्राम क्लस्टर का निर्माण,स्वच्छता साथी और शौचालय का प्रशिक्षण,पीपी किट की उपलब्धता, साफ सफाई हेतु निर्धारित दर,प्रचार प्रसार की गतिविधियां,सुरक्षा, सम्मान एवं पुरस्कार वितरण हेतु आवश्यक कार्रवाई अनवरत रूप से की जा रही है। उल्लेखनीय है कि स्वच्छता साथी द्वारा शौचालयों की साफ सफाई आधुनिक उपकरणों एवं मशीनों के माध्यम से की जाएगी। वाश ऑन व्हील शौचालय की सफाई हेतु मांगकर्ता द्वारा स्वच्छता साथी को एक निर्धारित निश्चित राशि का भुगतान करना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि वॉश ऑन व्हील सेवा के माध्यम से संस्थागत शौचालय की नियमित साफ सफाई स्वच्छता साथियों के माध्यम से अनिवार्य रूप से करवाएंगे एवं निर्धारित दर पर उनका भुगतान किया जावेगा वॉश ऑन व्हील की सेवा हेतु प्ले स्टोर से वॉश ऑन व्हील का ऐप डाउनलोड किया जाकर सेवा का उपयोग किया जा सकता है साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से भी ऐप को डाउनलोड किया जा सकता है।




