कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने आज पाटन विकासखंड के पांच धान खरीदी केन्द्रों – सोनतलाई, भोरदा, सरोद, करारी और बोरिया का निरीक्षण किया।
जबलपुर/ पाटन
उन्होंने किसानों का रकबा, पंजीयन, स्लॉट बुकिंग, खरीदी गई धान और किसानों की संख्या के बारे में जानकारी ली और किसानों से भी चर्चा की।
कलेक्टर ने उपार्जन में पारदर्शिता रखने के लिये खरीदी प्रभारियों से कहा कि बिचोलियों की बातों में न आएं, अगर संदिग्ध आदमी दिखे तो तुरंत एसडीएम को सूचित करें। उन्होंने खरीदी केन्द्र पर बोरी को तौल कराया और सर्वेयर को मॉइस्चर मीटर लगाने के निर्देश दिए। उपार्जन केन्द्र पर सीसीटीवी अनिवार्य रूप से चालू रखने को कहा और फुटेज भी देखे। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से तौल के नाम पर पैसे न लिए जाएं। संबंधित अधिकारियों से कहा कि प्रतिदिन खरीदी का भौतिक सत्यापन कराना सुनिश्चित करें। भोरदा और बोरिया में स्वसहायता समूहों द्वारा धान उपार्जन की जा रही है, कलेक्टर श्री सिंह ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से कहा कि वे सावधानी पूर्वक शासन के नियमों के अनुरूप उपार्जन प्रक्रिया पूर्ण करायें। जहां कहीं भी गड़बडी की आशंका है तो तुरंत सूचित करें।
माध्यमिक शाला रोंसरा का किया अवलोकन –
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने आज पाटन क्षेत्र के भ्रमण के दौरान शासकीय माध्यमिक शाला रोंसरा (खैरी) का निरीक्षण किया, जहां कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही थीं। उन्होंने प्रभारी शिक्षक से उपलब्ध स्टाफ, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। इस अवसर पर पाटन एसडीएम श्री मानवेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।




