जबलपुर के सिहोरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घुघरा गांव में शुक्रवार देर रात एक निजी संस्थान की जमीन में तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सिहोरा
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे ग्रामीणों ने एक खेत के पास तेंदुए का शव देखा जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना स्थानीय वन अमले को दी गई। सूचना मिलते ही सिहोरा रेंज अधिकारी सहित वन कर्मियों की टीम रातों-रात घटनास्थल पर पहुंची** और क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया गया।
वन विभाग ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर पंचनामा तैयार किया साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की**। फिलहाल तेंदुए की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन विभाग ने हत्या, विद्युत करंट या जहर जैसी सभी संभावित आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए जांच प्रारंभ की है।
घटनास्थल पर रातभर वन अमला तैनात रहा और आसपास के क्षेत्र में अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।
वन विभाग के अधिकारी बोले:
“तेंदुए के शव की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच जारी है, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।”
इस घटना के बाद घुघरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना दें।




