मझौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीछी तिराहे पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मझौली (जबलपुर)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय कुमार भूमिया (पिता बालिचरण भूमिया) के रूप में हुई है, जो ग्राम इंद्राना कांपा का निवासी था।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अजय कुमार भूमिया का विवाह ग्राम डुंगरिया में हुआ था। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ (विक्षिप्त) था। वह अक्सर इसी अवस्था में आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहता था।
बताया जा रहा है कि युवक बीछी तिराहे के पास से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद तिराहे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उस वाहन की तलाश की जा रही है जिससे यह दुर्घटना हुई। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद गांव में शोक की लहर है।
रिपोर्ट: न्मझौली दर्पण न्यूज़ नेटवर्क
संपर्क: 9407474756, 9424575756




