राजगढ़ CMHO 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार
राजगढ़/भोपाल:
भोपाल लोकायुक्त की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगढ़ की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
शिकायतकर्ता हरिओम अहिरवार ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक रेडियोलॉजिस्ट की पोस्टिंग के अप्रूवल के लिए CMHO की आईडी से अनुमति दी जानी थी। इस आधिकारिक प्रक्रिया के बदले डॉ. शोभा पटेल ने 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की तस्दीक करने के बाद, लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही डॉ. शोभा पटेल ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये लिए, टीम ने उन्हें रंगेहाथों दबोच लिया।
लोकायुक्त की टीम को सामने देख महिला अधिकारी घबरा गईं और अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की, जिसमें उनका ब्लड प्रेशर (BP) 180 तक पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही हाई बीपी की मरीज हैं। प्राथमिक उपचार और दवा देने के बाद जब उनकी हालत सामान्य हुई, तब आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की गई।
जिले के स्वास्थ्य विभाग की मुखिया पर हुई इस सीधी कार्रवाई के बाद विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी:डॉ. शोभा पटेल (CMHO, राजगढ़)
रिश्वत की राशि: 20,000 रुपये (मांग 50,000 की थी)
कार्य: रेडियोलॉजिस्ट की पोस्टिंग का अप्रूवल कार्रवाई टीम लोकायुक्त पुलिस, भोपाल
रिपोर्ट: न्यूज़ डेस्क/राजगढ




