पुलिस को देखकर मची भगदड़, फड़बाज राजा राम पटेल और बच्चू चक्रवर्ती मौके से फरार; तलाश जारी
एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर बरेला पुलिस ने ग्राम बम्हनी के खेत में मारा छापा
बरेला/जबलपुर (मझौली दर्पण न्यूज)
जबलपुर पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले में संगठित अपराधों, जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेला थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ग्राम बम्हनी में चल रहे एक बड़े जुए के फड़ पर औचक दबिश देते हुए 4 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से फड़ और जुआरियों के कब्जे से 11 हजार 400 रुपये नगद और जुआरियों की 13 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी देखकर मुख्य फड़बाज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी बरेला श्रीमती संगीता सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दिनांक 15 जून 2026 की रात्रि में पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम बम्हनी में रमेश गर्ग के खेत में कुछ जुआड़ी एकत्र होकर ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगा रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री सूर्यकांत शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में बरेला थाने की एक विशेष टीम गठित कर मुखबिर के बताए स्थान पर रवाना की गई। पुलिस टीम ने जब खेत की घेराबंदी कर दबिश दी, तो वहां जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया और वे पुलिस को देखकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।
भाग रहे जुआरियों को पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेरा और 4 आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए जुआरियों ने पूछताछ में अपने नाम:
1. शुक्ला झारिया (निवासी बम्हनी)
2. कंधीलाल चक्रवर्ती (निवासी बम्हनी)
3. सुरेन्द्र झारिया (निवासी बम्हनी)
4. नवीन पटेल (निवासी ग्राम गाडरखेड़ा, बरेला) बताए।
पुलिस ने जब फड़ और आरोपियों की अमली तलाशी ली, तो वहां से ₹11,400 नगद बरामद हुए। इसके अलावा जुआरियों द्वारा फड़ तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल की गई 13 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं, जिनमें बुलेट, पल्सर, स्प्लेंडर और एक्सिस जैसे वाहन शामिल हैं (वाहनों की सूची नीचे दी गई है)।
पकड़े गए जुआरियों से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि रमेश गर्ग के इस खेत में राजा राम पटेल(निवासी देवरी पटपरा) और बच्चू चक्रवर्ती (निवासी बम्हनी) जुए के फड़ का संचालन करते हैं और जुए की ‘नाल’ का पैसा वसूलते हैं। ये दोनों मुख्य आरोपी पुलिस के आने की आहट पाकर मौके से फरार हो गए। बरेला पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर फरार फड़बाजों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस ने मौके से स्प्लैण्डर (MP 20 ZJ 5739), पल्सर (MP 20 ZR 9960), हीरो स्प्लेण्डर (MP 20 NJ 9876), पल्सर (MP 20 ZH 2980), बिना नंबर की पल्सर, बिना नंबर की ड्रीम योगा, स्प्लेण्डर (MP 20 NB 2832), डीलक्स (MP 20 NR 9342), पल्सर (MP 20 ZM 2153), बुलेट (MP 20 ZX 5770), एक्सिस (MP 20 ZZ 1152), स्प्लेण्डर (MP 20 ZP 1434) और हॉण्ड लीवो (MP 20 NH 2032) को जब्त किया है।
जुआड़ियों के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने और उन्हें दबोचने में बरेला थाने के उप निरीक्षक के पी झारिया, प्रधान आरक्षक राममिलन बरकड़े, आरक्षक अविनाश सिंह, रामकुमार ठाकुर, मुकेश मसराम, संतोष और अनिल बरकड़े की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
“ग्रामीण अंचलों में खेतों और सुनसान जगहों पर जुए के फड़ सजाकर युवाओं को बर्बाद करने वाले और अवैध कमाई करने वाले फड़बाजों पर बरेला पुलिस की यह कार्रवाई स्वागत योग्य है। जुआरियों के पास से 13 मोटरसाइकिलों का मिलना यह साबित करता है कि यहाँ बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा था। उम्मीद है कि पुलिस फरार मुख्य फड़बाजों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजेगी ताकि इस अवैध धंधे की कमर तोड़ी जा सके।”
सुंदर लाल बर्मन, प्रधान संपादक
(मझौली दर्पण न्यूज)




