डेढ़ करोड़ की लागत से बनी सीसी रोड का चेंबर टूटा, दरारों ने खोली गुणवत्ता की पोल; जनपद कार्यालय के सामने मंडरा रहा मौत का खतरा

नगर परिषद मझौली क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में विकास के नाम पर सरकारी धन की बर्बादी और गुणवत्ताहीन निर्माण का खुला खेल सामने आया है।

मझौली (जबलपुर)

जनपद पंचायत कार्यालय के ठीक सामने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनाई गई सीसी सड़क पर बना चेंबर टूटकर जानलेवा गड्ढे में तब्दील हो चुका है। इतना ही नहीं, पूरी सड़क पर जगह-जगह गहरी दरारें उभर आई हैं। व्यस्ततम मार्ग पर खुला यह मौत का फंदा दिन-रात किसी बड़ी दुर्घटना को सीधा न्योता दे रहा है, लेकिन सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार नगर परिषद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।

साल भर भी नहीं टिकी करोड़ों की सड़क, दरारों से रिस रहा भ्रष्टाचार

स्थानीय वार्डवासियों और व्यापारियों का कहना है कि जनपद पंचायत कार्यालय के सामने इस मुख्य सीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुए अभी पूरा एक साल भी नहीं बीता है। पहली ही बारिश और सामान्य यातायात का दबाव यह सड़क नहीं झेल सकी। सड़क का चेंबर भरभराकर धंस गया है और आरसीसी स्लैब में जगह-जगह दरारें आ चुकी हैं। यह स्थिति साफ दर्शाती है कि निर्माण के दौरान सीमेंट, कांक्रीट और सरिये के तय तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया।

निगरानी नदारद, मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति

क्षेत्रीय नागरिकों का सीधा आरोप है कि जब करोड़ों के इस प्रोजेक्ट का निर्माण हो रहा था, तब नगर परिषद के जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों और इंजीनियरों ने मौके पर बैठकर गुणवत्ता की जांच करने के बजाय दफ्तरों में बैठकर फाइलों पर मुहर लगाई। सड़क बनने के कुछ ही महीनों बाद जब सड़क उखड़ने लगी और दरारें आने लगीं, तब भी मेंटेनेंस (रखरखाव) के नाम पर कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। गारंटी पीरियड में होने के बावजूद ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर कोई कार्रवाई न होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

अंधेरे में गिर रहे वाहन चालक, कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी

जनपद पंचायत कार्यालय, प्रमुख व्यवसायिक सोनी मार्केट और मुख्य बाजार से जुड़ा मार्ग होने के कारण यहां सुबह से देर रात तक सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही रहती है। रात के वक्त पर्याप्त रोशनी न होने से वाहन चालकों को सड़क का टूटा हुआ चेंबर नजर नहीं आता, जिससे आए दिन लोग असंतुलित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। राहगीरों का कहना है कि क्या नगर प्रशासन को किसी की जान जाने का इंतजार है?

वार्ड वासियों और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि किसी अप्रिय घटना के घटने से पहले तत्काल इस जानलेवा चेंबर और दरार ग्रस्त सड़क की उच्च स्तरीय मरम्मत कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
29FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View