स्थानीय उत्कृष्ट (एक्सिलेंस) विद्यालय एवं मॉडल स्कूल बटियागढ़ के विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन में बटियागढ़ स्थित लोकसेवा केंद्र का शैक्षणिक व व्यावहारिक भ्रमण कराया गया।
बटियागढ़ (गणेश रैकवार, मझौली दर्पण न्यूज नेटवर्क)
इस दौरान छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान जनसरोकार समाजसेवी समिति बटियागढ़ एवं लोकसेवा केंद्र के पूर्व प्रबंधक रवि तिवारी ने विद्यार्थियों को केंद्र से जारी होने वाली शासकीय सेवाओं के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने आय, जाति, मूल निवास, खसरा-खतौनी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सीमांकन, सत्यप्रतिलिपि, विवाह पंजीयन, पहचान पत्र सेवाएं तथा शस्त्र लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण आवेदनों की पंजीयन प्रक्रिया, निर्धारित शुल्क और अपील संबंधी नियमों से अवगत कराया।
इसके साथ ही केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटरों ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदनों की फीडिंग, दस्तावेजों का सत्यापन, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, पेंशन और संबल योजना के प्रकरणों की ऑनलाइन प्रक्रिया का कंप्यूटर पर सीधा प्रैक्टिकल करके दिखाया।
इस अवसर पर विद्यालयों के शिक्षक गणों के साथ-साथ लोकसेवा केंद्र का स्टाफ—संजय तिवारी, जितेंद्र अठया, सलीम खान तथा आवेदक गणेश रैकवार, मनीष प्रजापति सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।