सीता शरण जी महाराज समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन
• नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता, ग्रामीणों को पौधे लगाने व संरक्षण हेतु किया प्रेरित
विशेष संवाददाता | मझौली (जबलपुर)
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के ‘नवांकुर सखी’ कार्यक्रम के अंतर्गत आदर्श ग्राम पोला (सेक्टर क्रमांक–02, मझौली) में पर्यावरण चेतना और हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से ‘हरियाली यात्रा’ का गरिमामयी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीता शरण जी महाराज समाज कल्याण समिति, पोला के माध्यम से जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री घनश्याम रायपुरिया एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नूपुर खरे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नवांकुर सखियों ने निभाई अग्रणी भूमिका
आयोजित हरियाली यात्रा के दौरान क्षेत्र की नवांकुर सखियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को अधिकाधिक पौधे लगाने, जल-संरक्षण करने और लगाए गए वृक्षों की निरंतर देखभाल व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।
पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान
इस अवसर पर सीता शरण जी महाराज समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उपस्थित जनसमुदाय को पौधरोपण का संकल्प दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जब तक पर्यावरण संरक्षण एक जन-आंदोलन का रूप नहीं लेगा, तब तक आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवांकुर सखियों, समिति सदस्यों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से यात्रा का सफल समापन हुआ।