जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरेला शारदा मंदिर के पास एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।
जबलपुर/ बरेला
यहाँ एक तेज रफ्तार हाइवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में अचानक भयानक आग लग गई, जिससे कार सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वे जिंदा जल गए।
चश्मदीदों के मुताबिक, बरेला शारदा मंदिर के पास रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक अनियंत्रित हाइवा ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और वह धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कार के भीतर मौजूद लोगों को बचाने का प्रयास भी विफल रहा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई
घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ खाक हो चुका था।
बरेला पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार के पूरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। फिलहाल बरेला पुलिस कार के नंबर और अन्य माध्यमों से मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने के प्रयास में जुटी हुई है। हादसे के बाद हाइवा चालक के संबंध में भी जांच की जा रही है।
प्रधान संपादक, सुंदर लाल बर्मन (मझौली दर्पण न्यूज़)




