जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर (गली नंबर 4) से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि लोकतंत्र में रक्षक और भक्षक के बीच के अंतर को भी धुंधला कर दिया है।
कटनी
अमदरा से आई एक बारात, जो ढोल-धमाकों और खुशियों के साथ द्वार पर पहुंची थी, वह खाकी के ‘लाठीराज’ की भेंट चढ़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बारात के दौरान किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कुठला पुलिस ने मामले को सुलझाने के बजाय कथित तौर पर बारातियों और घरातियों पर लाठीचार्ज कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस ने संवेदनशीलता को ताक पर रखकर बर्बरतापूर्वक लाठियां भांजीं।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने न केवल मारपीट की, बल्कि दुल्हन के भाई सहित कई अन्य लोगों को जबरन उठाकर थाने ले गई। घर में दहशत का ऐसा माहौल बना कि शादी की रस्में तक पूरी नहीं हो सकीं और खुशियों वाले घर में मातम छा गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसिया कार्रवाई साफ देखी जा सकती है। यह वीडियो प्रशासन के दावों की पोल खोल रहा है।
इस घटना ने पूरे कटनी जिले को झकझोर दिया है। अब मांग उठ रही है कि मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की जाए और दोषी पर सख्त कार्रवाई हो




