शासन और प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कड़े नियम बनाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर रसूखदार एजेंसियां इन आदेशों को ठेंगा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
इंद्राना/ मझौली
ताज़ा मामला मझौली क्षेत्र का है, जहाँ सिंगलदीप इंडेन गैस एजेंसी (इंद्राना) की खुली मनमानी सामने आ रही है।
जबलपुर कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति में पारदर्शिता और सुगमता बरती जाए, लेकिन इंद्राना स्थित गैस एजेंसी द्वारा इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि एजेंसी द्वारा नगर मझौली के बाहर गैस सिलेंडरों का वितरण अनियमित तरीके से किया जा रहा है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय सूत्रों और उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिंगलदीप इंडेन गैस एजेंसी अपनी मनमर्जी के मुताबिक वितरण प्रणाली चला रही है। समय पर सिलेंडर न मिलना और निर्धारित क्षेत्र से बाहर वितरण करना अब आम बात हो गई है। उपभोक्ता शिवम का कहना है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर जाते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
हैरानी की बात यह है कि नगर मझौली और आसपास हो रही इस धांधली की खबर शायद प्रशासन को नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। कलेक्टर के सख्त रुख के बावजूद एजेंसी का इस तरह बेखौफ होकर काम करना प्रशासनिक पकड़ पर सवालिया निशान खड़े करता है।




