जबलपुर में गैस माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: जगदम्बा कॉलोनी से 46 सिलेंडर जब्त
जबलपुर (मझौली दर्पण)
शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत महाराजपुर स्थित जगदम्बा कॉलोनी में राजस्व, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से शहर के गैस माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
भारी मात्रा में जखीरा बरामद
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि महाराजपुर निवासी प्रदीप साहू (55) के घर पर बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है, जिन्हें महंगे दामों पर ब्लैक में बेचा जा रहा है। सूचना की तस्दीक होते ही टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से कुल 46 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें:
* 08 भरे हुए घरेलू सिलेंडर
* 32 खाली घरेलू सिलेंडर
* 04 कमर्शियल सिलेंडर
* 02 छोटे सिलेंडर शामिल हैं।
जब्त किए गए सिलेंडर भारत गैस और इंडेन कंपनी के हैं। अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
होटलों और रेस्टोरेंट्स पर भी गिरी गाज
कालाबाजारी के साथ-साथ घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी प्रशासन सख्त दिखा। शुक्रवार और शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया:
* इंदिरा मार्केट: तीन प्रतिष्ठानों से 9 घरेलू सिलेंडर जब्त।
* रांझी क्षेत्र: कार्यपालिक दंडाधिकारी मौसमी केवट के नेतृत्व में संस्कार रेस्टोरेंट, हनुमान स्वीट्स, नरेश रेस्टोरेंट और एवी फूडीज से कुल 11 घरेलू सिलेंडर पकड़े गए।
* सिहोरा: सिहोरा में भी पांच प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहाँ से व्यावसायिक उपयोग में लिए जा रहे घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
कालाबाजारी पर प्रशासन की चेतावनी
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध भंडारण कानूनन अपराध है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि आम जनता के हक की रसोई गैस की कालाबाजारी रोकी जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




