देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है।


नई दिल्ली
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरों के अनुसार अब 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू LPG सिलेंडर ₹60 महंगा हो गया है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹115 की बढ़ोतरी की गई है।
राजधानी दिल्ली में अब घरेलू गैस सिलेंडर ₹913 में मिलेगा, जो पहले ₹853 में उपलब्ध था। वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹1883 हो गई है। नई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों पर पड़ने वाला है।
हालांकि राहत की बात यह है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए फिलहाल गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। योजना के तहत पात्र परिवारों को पहले की तरह सब्सिडी मिलती रहेगी।
गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे होटल-ढाबा संचालकों की लागत बढ़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतें बाजार में अन्य वस्तुओं के दामों को भी प्रभावित कर सकती हैं।
फिलहाल उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई कीमतों के साथ ही गैस सिलेंडर खरीदना होगा, जिससे रसोई का खर्च और बढ़ने की संभावना है।
मझौली दर्पण न्यूज
सच्ची खबर, सबसे पहले




