पडुआ पिपरिया में होली के दौरान हुए प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
मझौली जबलपुर
पहले एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई और अगले ही दिन आरोपी की बहन ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार खबरा निवासी सुंदर सिंह उर्फ बड्डा गौड़ के 24 वर्षीय बेटे अर्जुन उर्फ अज्जू सिंह पर बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत मझोली के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर पर गहरे घाव और अत्यधिक रक्तस्राव उसकी मौत का कारण बना।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मयंक सेन की बहन और मृतक अर्जुन के बीच प्रेम संबंध थे। होली के दिन अर्जुन आरोपी के घर के बाहर खड़ा था, जिसे देखकर मयंक भड़क गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मयंक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अर्जुन की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी नेहरू सिंह खण्डाते ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या के अगले दिन युवती ने भी दी जान
इस घटना ने उस समय और दुखद मोड़ ले लिया जब बताया गया कि आरोपी की बहन, जिसका नाम इस पूरे मामले में सामने आया था, ने अगले दिन कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
लगातार दो मौतों से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।




