प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जबलपुर से खनन माफिया की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जबलपुर
अवैध खनन की जांच करने पहुंचे तहसीलदार को खनन कारोबारी रोहित जैन ने सरेआम डंपर से कुचलने और जान से मारने की धमकी दे डाली। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक अमले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तहसीलदार जब मौके पर अवैध खनन की स्थिति का निरीक्षण कर रहे थे, तभी आरोपी कारोबारी ने खुलेआम धमकाते हुए कहा कि “डंपर चढ़ा दूंगा, ज़्यादा कार्रवाई की तो जान से खत्म कर दूंगा।” यह धमकी न सिर्फ कानून के राज को चुनौती है, बल्कि यह दर्शाती है कि खनन माफिया किस हद तक बेखौफ हो चुका है।
वीडियो वायरल होने के बाद जिले के प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सवाल यह है कि जब राजस्व अधिकारियों के साथ ऐसी गुंडागर्दी हो रही है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है? अवैध खनन से पहले ही पर्यावरण और राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, ऊपर से अब माफिया खुलेआम सरकारी अफसरों को धमकाने लगा है।
स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई, अवैध खनन पर तत्काल रोक और अधिकारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं—क्या खनन माफिया पर शिकंजा कसेगा या कानून एक बार फिर दबंगों के आगे बेबस नजर आएगा?




