विकास कार्यों को गति देने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जबलपुर कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह लगातार मैदानी निरीक्षण कर रहे हैं।
जबलपुर
इसी कड़ी में आज उन्होंने अधारताल स्थित निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय और संजय गांधी वार्ड स्थित संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया।
सांदीपनि विद्यालय के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर श्री सिंह सबसे पहले अधारताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने सांदीपनि विद्यालय के नए बन रहे भवन का जायजा लिया। भवन की प्रगति देखते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी और संबंधित निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण करें ताकि छात्रों को जल्द से जल्द नए भवन की सुविधा मिल सके।
संजीवनी क्लीनिक की स्वास्थ्य सुविधाओं को परखा
विद्यालय के निरीक्षण के बाद कलेक्टर संजय गांधी वार्ड पहुंचे। यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्लीनिक में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, ओपीडी रजिस्टर और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ को निर्देशित किया कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और क्लीनिक में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी साथ रहे। कलेक्टर के इस कड़े रुख से विभाग में हड़कंप की स्थिति है, क्योंकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी स्तर पर लेटलतीफी या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट: / मझौली दर्पण न्यूज़ नेटवर्क
संपर्क: 9407474756, 9424575756




