मझौली में आर-पार के संघर्ष का बिगुल: 6 सूत्रीय मांगों को लेकर 3 दिसंबर को होगा ऐतिहासिक ‘महा-घेराव’

 दशहरा करंट हादसा, किसानों का बकाया भुगतान और बिजली संकट को लेकर फूटा जनआक्रोश

 * करणी सेना परिवार, सर्व समाज और किसान संगठनों ने प्रशासन को थमाया सीधा अल्टीमेटम

मझौली (जबलपुर)।

प्रशासनिक सुस्ती, झूठे आश्वासनों और लंबे समय से उपेक्षित जनहित मुद्दों के खिलाफ अब मझौली तहसील क्षेत्र की जनता ने निर्णायक मोर्चेबंदी कर ली है। किसानों के अटके भुगतान, दशहरा करंट हादसे की दबाई गई जांच रिपोर्ट और बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर आगामी 03 दिसंबर 2026 (गुरुवार) को दोपहर 12:00 बजे तहसील कार्यालय मझौली का शांतिपूर्ण ‘महा-घेराव’ और विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

करणी सेना परिवार, सर्व समाज और क्षेत्रीय किसान बंधुओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस जनआंदोलन की पूर्व सूचना और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मझौली तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को औपचारिक ज्ञापन सौंप दिया गया है। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (जबलपुर) और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भी भेजी गई है।

वादाखिलाफी के खिलाफ सुलग रहा गुस्सा, तारीखों में उलझा प्रशासन

आंदोलन के आयोजकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि हर समस्या पर केवल कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। मझौली दशहरा पर्व के दौरान करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत के मामले में प्रशासन ने महज 3 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने का दावा किया था, लेकिन 30 दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट को फाइलों में कैद रखा गया है। दूसरी ओर, गेहूं खरीदी के 8 महीने बाद भी अन्नदाताओं को महज 60 प्रतिशत भुगतान मिल पाया है, जिससे रबी की बुवाई के समय किसान गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

इन 6 प्रमुख मांगों पर आर-पार के मूड में जनता:

 * दशहरा करंट हादसे में सख्त कार्रवाई: दो भाइयों की असमय मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्तियों और लापरवाह अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 * कलेक्टर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो: 30 दिनों से लंबित जांच रिपोर्ट को तत्काल सार्वजनिक किया जाए और दोषियों के नाम उजागर कर कार्रवाई की जाए।

 * अन्नदाताओं का शत-प्रतिशत भुगतान: गेहूं खरीदी की शेष 40 प्रतिशत बकाया राशि का अविलंब भुगतान हो तथा धान खरीदी व भुगतान की स्थिति स्पष्ट कर किसानों को समय पर पूरी राशि मिले।

 * रानीताल सब स्टेशन तत्काल चालू हो: 20 नवंबर की निर्धारित समय-सीमा बीतने के बावजूद ठप पड़े रानीताल विद्युत सब स्टेशन को तत्काल शुरू किया जाए।

 * 132 KV सब स्टेशन की स्वीकृति: क्षेत्र के स्थायी बिजली समाधान हेतु मझौली में 132 KV विद्युत सब स्टेशन मंजूर कर 6 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाए।

 * पूर्ण तहसील का दर्जा व मूलभूत सुविधाएं: मझौली को पूर्ण तहसील का दर्जा देते हुए यहां अनुविभागीय कार्यालय (SDM), सिविल कोर्ट, रजिस्ट्रार कार्यालय और उप जेल जैसी आवश्यक सुविधाएं शुरू की जाएं, ताकि आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बाहर न भटकना पड़े।

शांतिपूर्ण रहेगा प्रदर्शन, मांगें न मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि 3 दिसंबर का यह महा-घेराव पूरी तरह अनुशासित, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा, जिसमें कानून-व्यवस्था का पूर्ण पालन होगा। हालांकि, उन्होंने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि इन छह जनहित मुद्दों का समयबद्ध और ठोस निराकरण नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में यह आंदोलन और अधिक व्यापक व उग्र रूप लेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
29FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View