कलेक्टर का औचक निरीक्षण: जमीनी हकीकत जानने अचानक पहुंचे आनू और बांदकपुर

डॉक्टर का 3 दिन का वेतन काटा, 2 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और PDS सेल्समैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश

दमोह

जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए आज सुबह कलेक्टर ने ग्रामीण अंचलों का आकस्मिक रुख किया। सुबह ठीक 10 बजे रवाना होकर वे ग्राम आनू और बांदकपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, आयुर्वेदिक औषधालय, उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उचित मूल्य (PDS) दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाई गई गंभीर लापरवाहियों पर कलेक्टर ने मौके पर ही कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

वीडियो कॉल पर दिखाई लापरवाही, डॉक्टर का कटेगा 3 दिन का वेतन

जब टीम बांदकपुर के आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंची, तो वहां पदस्थ डॉ. रितु कुरेरिया अनुपस्थित पाई गईं। इस पर कलेक्टर ने जिला आयुष अधिकारी डॉ. पटैल को तुरंत वीडियो कॉल कर अस्पताल की वस्तुस्थिति दिखाई और डॉक्टर का 3 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, अस्पताल के आयुर्वेद औषधालय में एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और जिला अधिकारी को सख्त हिदायत दी कि जिले में कहीं भी ऐसी लापरवाही दोबारा न मिले।

बुजुर्ग महिला को रोता देख बंधाया ढांढस, पिलवाया पानी

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदकपुर के निरीक्षण के दौरान डॉक्टर और पूरा स्टाफ मुस्तैद मिला। कलेक्टर ने वहां मौजूद मरीजों से इलाज का फीडबैक लिया। इसी दौरान इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला स्नेह भाव से चर्चा करते हुए भावुक होकर रोने लगी। इस पर उन्होंने महिला को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “जिला प्रशासन और सरकार आपके साथ है।” उन्होंने तुरंत बुजुर्ग महिला को पानी पिलवाया और फल मंगवाकर भेंट किए।

PDS दुकान में गड़बड़ी: 98% वितरण के दावे के बीच मिला 18 क्विंटल अनाज

बांदकपुर की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) दुकान के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड में 98 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण होना बताया गया। लेकिन जब स्टॉक रूम की जांच की गई, तो वहां करीब 18 क्विंटल खाद्यान्न अतिरिक्त रखा पाया गया। इस गंभीर गड़बड़ी पर खाद्य अधिकारी को सेल्समैन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चे और कार्यकर्ता दोनों गायब

आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच में भी भारी अव्यवस्था सामने आई:

 केंद्र क्रमांक 167 (आनू): केंद्र खुला था लेकिन बच्चे गायब थे और कार्यकर्ता भी नदारद थी, सिर्फ सहायिका मौजूद मिली।

 केंद्र क्रमांक 65 (बांदकपुर आदर्श): यहां भी बच्चे नहीं मिले और कार्यकर्ता अनुपस्थित पाई गई।

 हालांकि, आनू के केंद्र नंबर 81 में बच्चे मौजूद मिले, जिन्होंने नाश्ते में हलवा खाया था। यहां 54 में से 28 बच्चे उपस्थित पाए गए।

कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (WCD) को अनुपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित सुपरवाइजर के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर का कड़ा संदेश: जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह लगातार आकस्मिक दौरे जारी रहेंगे। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
28FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View