थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खंदिया में एक शादी समारोह की खुशियाँ उस वक्त तनाव में बदल गईं, जब बारात में आए एक युवक पर कुछ स्थानीय युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया।
मझौली/ जबलपुर
मामला शराब पीने के लिए रुपयों की मांग और विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
गाली-गलौज और मारपीट का विरोध करने पर हमला
पुलिस के अनुसार, ग्राम हरदुआ बंधा (सिहोरा) निवासी आर्यन भूमिया (18 वर्ष) अपने रिश्तेदारों के यहाँ ग्राम खंदिया में बारात में शामिल होने आया था। रात में खाना खाने के बाद जब वह अपने साथियों के साथ रास्ते पर टहल रहा था, तभी आरोपी कपिल भूमिया और संजू भूमिया वहां पहुँचे और गाली-गलौज करने लगे। जब आर्यन ने गाली देने का कारण पूछा और विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान संजू भूमिया ने आर्यन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और पास ही रखी लोहे की पट्टी से अचानक हमला कर दिया। हमले में आर्यन के गले और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब आर्यन के दोस्तों ने बीच-बचाव किया, तो दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मझोली पुलिस ने घायल आर्यन की रिपोर्ट पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी कपिल और संजू भूमिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 बी, 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मझौली दर्पण न्यूज नेटवर्क
संपर्क: 9407474756, 9424575756




