रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जबलपुर जिले में गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गया है।
जबलपुर
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में जिले के 47 उपार्जन केंद्रों पर किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं लिया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
आंकड़ों में उपार्जन की स्थिति (20 अप्रैल तक):कुल केंद्र: 47 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी जारी।
किसान: अब तक 37 किसानों से फसल खरीदी गई।
मात्रा: कुल 707 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है।
स्लॉट बुकिंग: अभी तक 7,965 किसानों ने अपनी फसल बेचने के लिए स्लॉट बुक किए हैं।
छोटे किसानों को प्राथमिकता
प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक ने जानकारी दी कि शासन के नियमानुसार प्रारंभिक चरण में केवल छोटे किसानों के स्लॉट बुक किए जा रहे हैं। जल्द ही मध्यम और बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
व्यवस्थाओं पर ‘नोडल अधिकारियों’ का पहरा
उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने और किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी केंद्रों पर उपस्थित रहकर तुलाई और अन्य संसाधनों की व्यवस्था का सतत पर्यवेक्षण (Monitoring) कर रहे हैं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को पेयजल, छाया और बैठने की उचित व्यवस्था मिले, ताकि चिलचिलाती धूप में उन्हें परेशानी न हो।




