मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे “जल स्रोत सेवा समागम” कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड मझौली के सेक्टर-2, ग्राम पोला में जल शपथ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।
मझौली जबलपुर
यह कार्यक्रम नवांकुर संस्था सीता शरण जी महाराज समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
जिला समन्वयक श्री घनश्याम रायपुरिया एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नूपुर खरे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को जल की महत्ता से अवगत कराना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण की शपथ ली। उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे न केवल जल का अपव्यय रोकेंगे, बल्कि पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने जल है तो कल है”का संदेश देते हुए कहा कि गिरता भू-जल स्तर भविष्य के लिए एक बड़ी चुनौती है। जल स्रोतों की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में जल के सदुपयोग और वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि, विभिन्न ग्रामों की प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और आने वाली पीढ़ी के लिए पानी बचाने का संकल्प दोहराया।




