राघवेंद्र सिंह ने नजूल पट्टा नवीनीकरण और लंबित राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
जबलपुर
बैठक में सभी एसडीएम से नजूल पट्टों के नवीनीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई और प्रक्रिया को तेज गति से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में स्थित सभी दुकानों, होटलों, बारातघरों, विद्यालयों और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों से लंबित राजस्व की तत्काल वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायादारों की सूची बनाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राजस्व की वसूली समय पर हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी बकायादार निर्धारित समय सीमा में राजस्व जमा नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में त्वरित सर्वेक्षण कर नोटिस जारी करने और वसूली अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए।
मार्च में पूरी करनी होगी वसूली
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने मार्च में लंबित राजस्व वसूली हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद अब जिले में नजूल पट्टा नवीनीकरण और राजस्व वसूली को लेकर अभियान तेज होने की संभावना है।




