सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न.
ब्लैक स्पॉट्स पर दुर्घटनाएं रोकने संकेतक, रिफ्लेक्टर्स, ब्लिंकर्स, प्री-फेब्रिकेटेड डिवाइडर और प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश
जबलपुर
जहाँ आवश्यक्ता हो वहां बनाई जाये सर्विस रोड.
शहर के व्यस्ततम मार्गों पर लगेगी ई-रिक्शा के संचालन पर रोक.
जबलपुर-मंडला और जबलपुर-डिंडौरी मार्ग पर बस स्टैंड के लिये स्थान चिन्हित किया जायेगा.
यातायात में बाधक यूनिपोल हटाये जाएंगे.
जिला सड़क सुरक्षा समिति की आज मंगलवार को संपन्न हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। इनमें चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक, ब्लिंकर्स, रिफ्लेक्टर्स और प्री-फेब्रिकेटेड डिवाइडर लगाने, डिवाइडर की रंगाई-पुताई करने, प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने तथा जहाँ आवश्यकता हो वहाँ सर्विस रोड बनाने का निर्णय शामिल है। इसके साथ ही बायपास रोड पर अंधमूक चौराहे सहित शहर के सभी प्रवेश मार्गो की सर्विस रोड पर हुये अतिक्रमणों को हटाने तथा भारी वाहनों की अवैध पार्किंग को प्रतिबंधित करने का निर्णय बैठक में लिया गया।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की मौजूदगी में आयोजित की गई इस बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व्यस्तम मार्गों और भीड़ भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा और पिकअप वाहनों के संचालन पर निश्चित समय के लिये रोक लगाने, ई-रिक्शा संचालन के लिये रुट निर्धारित करने तथा मंडला और डिंडौरी जाने वाली यात्री बसों के शहर के भीतर संचालन बंद करने मंडला और डिंडौरी मार्ग पर बस स्टैंड के लिये स्थान चिन्हित करने का फैसला भी लिया गया। शहर के भीतर यातायात में बाधक यूनिपोल को चिन्हित कर हटाने के निर्देश भी बैठक में दिये गये।
बैठक में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी, स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह तथा लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया कि रानीताल चौराहा और बलदेवबाग चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल जल्द ही चालू हो जाएंगे। दीनदयाल चौक की रोटरी का नया ले-आऊट तैयार हो जाने पर यहाँ भी ट्रैफिक सिग्नल लगाये जाएंगे। इसके अलावा उन चौराहों का सर्वे कर चिन्हित किया जायेगा जहाँ ट्रैफिक सिग्नल लगाने की आवश्यकता है। बलदेवबाग से ट्रांसपोर्टर्स के ऑफिसों को चाण्डालभाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शीघ्र शिफ्ट कराने के निर्देश बैठक में दिये गये। चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने जहाँ आवश्यकता हो वहाँ प्री-फेब्रिकेटेड अथवा स्थाई डिवाइडर बनाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। पाटन और जबलपुर मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुये इस मार्ग पर बसे बड़े गांवों के समीप सर्विस रोड बनाने का सुझाव दिया गया ताकि लोग वाहनों से सीधे मुख्य सड़क पर न आयें। बैठक में बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने महाराजपुर, गांधीग्राम और सिहोरा के बरगी मोहला में फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसी प्रकार रमनपुरा घाटी में मार्ग का रि-एलायमेंट किया जा रहा है। तिलवारा-लम्हेटाघाट मार्ग पर दुर्घटनाएं रोकने सर्विस रोड और यू-टर्न बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गये। बायपास और राजमार्ग पर डिवाइडर में बनाये गये अवैध कट को दूर करने के निर्देश सबंधित निर्माण एजेंसियों को दिये गये। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बायपास पर अवैध पार्किंग को रोकने अंधमूक चौराहे से रिंगरोड तक ट्रकों की पार्किंग के लिये 14 स्थान चिन्हित किये गये हैं।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्माण स्थलों पर बेरिकेटिंग और संकेतक लगाने के साथ ही निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी निर्माण एजेंसियों को दी गई।




