मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पहल “विकासखंड स्तरीय ग्रामोत्सव – ग्रामोदय से अभ्युदय, मध्य प्रदेश ग्राम विकास पखवाड़ा” के अंतर्गत 12 जनवरी से 26 जनवरी तक चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज विकासखंड स्तर पर भव्य ग्राम महोत्सव का आयोजन किया गया।
मझौली/जिला जबलपुर
यह आयोजन जन सहभागिता, सामाजिक चेतना और ग्राम विकास के संकल्प का सशक्त मंच बना।
कार्यक्रम में सभी नवांकुर संस्थाएं, प्रस्फुटन समितियां एवं CMCLDP छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन की गरिमा को मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र त्रिपाठी जी (जिला अध्यक्ष, राज्य शिक्षक संघ) एवं विशिष्ट अतिथि श्री अजय खरे जी (तहसील अध्यक्ष) ने बढ़ाया। इसके साथ ही योगाचार्य श्री योगेंद्र श्रीवास्तव जी एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री घनश्याम रायपुरिया जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर फूल माला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलनज्ञके साथ किया गया। इस अवसर पर नवांकुर समिति के सक्रिय सदस्य श्री आनंद साहू, श्री सुनील यादव, श्रीमती विनीता आदिवासी, श्री नीरज दुबे एवं श्री सचिन तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महोत्सव के दौरान योग एवं ध्यान का प्रभावशाली प्रदर्शन, प्रेरक भाषण, रंगोली प्रतियोगिता तथा गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक, रचनात्मक और बौद्धिक क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला समन्वयक श्री घनश्याम रायपुरिया जी द्वारा सभी सहभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय का यह अभियान गांवों को आत्मनिर्भर, संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
यह ग्राम महोत्सव न केवल सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बना, बल्कि ग्राम विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में भी सफल रहा।




