विकासखंड स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सिहोरा का दबदबा
मझौली
युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र संगठन) के साथ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की सक्रिय सहभागिता एवं काशी ग्राम विकास समिति महगवां के सहयोग से ग्राम पंचायत सगोडी में विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता ने ग्रामीण युवाओं, महिलाओं व बच्चों की खेल प्रतिभा को सशक्त मंच प्रदान किया।
प्रतियोगिता में बालक-बालिका दौड़, गोला फेंक, रस्साकसी तथा महिला-पुरुष कबड्डी जैसे रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें सिहोरा, मझौली, गुरुजी, गौरहा, खुडावल, गांधीगंज, हरदुआ कला, पोला, मुरैठ सहित अनेक गांवों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परिणामों में पुरुष कबड्डी में सिहोरा विजेता एवं गुरुजी उपविजेता रहा, वहीं महिला कबड्डी फाइनल में सगोड़ी ने सिहोरा को हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला दौड़ में सानिया विश्वकर्मा, रजनी ठाकुर, ज्योति चक्रवर्ती तथा पुरुष दौड़ में आकाश ठाकुर, सनी सेन, शुभांक यादव ने बाजी मारी। गोला फेंक में कुबेर, अभिषेक दुबे, अमन यादव एवं महिला वर्ग में लाडली, ज्योति, रजनी पटेल, कल्याणी क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी हर्ष सिद्धार्थ तलस्कर, पूर्व विधायक दिलीप दुबे सहित अतिथियों ने पुरस्कार वितरण किया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से जुड़े नवांकुर व प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों द्वारा नगद पुरस्कार देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
अंत में अध्यक्ष सनिल यादव ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन अभियान परिषद की यह पहल ग्रामीण खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दे रही है।




