विद्युत विभाग की घोर लापरवाही ने एक और परिवार को उजाड़ दिया।
कटनी
स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कौंडिया में सोमवार शाम करीब 3:30 बजे जर्जर हालत में खड़ा बिजली का पोल अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से 45 वर्षीय मुकेश शुक्ला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मृतक के घर के ठीक सामने हुआ, जहां वर्षों से पोल की हालत बेहद खराब थी।
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पोल गिरने की आशंका को लेकर कई बार विद्युत मंडल को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजा यह हुआ कि लापरवाही जानलेवा साबित हुई और एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद मंगलवार सुबह जैसे ही शव गांव पहुंचा, आक्रोशित ग्रामीणों ने स्लीमनाबाद–बहोरीबंद मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण दोषी विद्युत कर्मियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं प्रशासन और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाइश देते नजर आए।
यह हादसा न सिर्फ सिस्टम की संवेदनहीनता को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक शिकायतों को नजरअंदाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ होता रहेगा।




