40 पेटी अवैध शराब जप्त, शराब माफियाओं में हड़कंप
जबलपुर/बेलखेड़ा।
आबकारी विभाग की सख्त कार्यवाही ने बेलखेड़ा क्षेत्र में शराब माफियाओं के आतंक पर करारा प्रहार किया है। आज दिनांक 27 नवंबर 2025 को थाना बेलखेड़ा अंतर्गत ग्राम पिपरिया में दबिश देते हुए आबकारी टीम ने लगभग 40 पेटी अवैध शराब को अपराधियों के घर से जप्त किया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मची हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से अवैध शराब का बड़े पैमाने पर रैकेट सक्रिय है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों पेटियाँ सप्लाई की जा रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से यह खेल जारी है, लेकिन पहली बार आबकारी विभाग ने इतनी बड़ी मात्रा में जब्ती की है।
ग्रामीणों ने स्वागत करते हुए कहा कि “यह सिर्फ शुरुआत है। अगर इसी सख्ती से कार्रवाई जारी रही तो पूरा क्षेत्र अवैध शराब के चंगुल से मुक्त हो सकता है।”
जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने भी मांग की है कि इस केस को दबाया न जाए, बल्कि मुख्य सरगनाओं तक पहुँचकर कठोर दंड सुनिश्चित किया जाए, ताकि अन्य अपराधियों में डर कायम हो और वे इस गैरकानूनी कारोबार से दूर रहें।
आबकारी विभाग की इस रेड से स्पष्ट संदेश गया है कि —“अब शराब माफियाओं की खैर नहीं!”
आगे की कार्रवाई में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




