कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के कड़े निर्देशों पर, शहर में दूषित नाले के पानी से सब्जियों की फसल की सिंचाई करने वालों के खिलाफ प्रशासन की मुहिम लगातार जारी है।
जबलपुर
इसी क्रम में पाटन बायपास स्थित ग्राम ओरिया में प्रशासन ने आज मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी कार्रवाई करते हुये किसानों द्वारा नाले के पानी का सिंचाई के लिये प्रयुक्त 4 मोटर पंप जब्त किये गये।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम ओरिया में की गई। टीम ने नाले के किनारे छापामार कार्रवाई करते हुए कोमल चड़ार, सुंदर पटैल, सोनू भाईजान एवं शैलू विश्वकर्मा को पकड़ा जो सीधे गंदे नाले में मोटर डालकर पानी खींचकर अपनी सब्जी की फसलों की सिंचाई कर रहे थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जनता के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने के लिए की जा रही है। दूषित और जहरीले नाले के पानी से उगाई गई सब्जियों में भारी मात्रा में हानिकारक तत्व होते हैं, जो सीधे तौर पर मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं।




