25 मार्च से 5 अप्रैल तक शहीद स्मारक गोलबजार में लगेगा पुस्तक मेला
जबलपुर
अभी तक 60 विक्रेताओं ने कराया पंजीयन
रोज शाम होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे
जिला प्रशासन द्वारा गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक में 25 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे पुस्तक मेला की समस्त तैयारियाँ पूर्णता की ओर है। पुस्तक मेला में स्टॉल लगाने के लिए अभी तक 60 दुकानदारों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। पुस्तक मेला शनिवार एवं रविवार को दोपहर 12 से रात 10 बजे तक तथा शेष दिवसों में शाम 4 से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।
पुस्तक मेला को भव्यता प्रदान करने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले में फूड स्टॉलों के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही मेले में पुरानी पुस्तकों के आदान-प्रदान के लिए बुक बैंक का स्टॉल भी लगाया जा रहा है। जिसमें विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तकें दान कर सकते हैं। बुक बैंक के व्यवस्थित संचालन के लिए सभी विद्यालयों एवं नागरिकों से अपील कर पुरानी पुस्तकों का संकलन किया जा रहा है। अभी तक लगभग 10 हजार पुस्तकों संकलन किया जा चुका है। मेलें में छात्र–छात्राओं को कैरियर काउंसलिंग प्रदान करने के लिए भी स्टॉल लगाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना ने मेले की संपूर्ण व्यवस्था के लिये जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत को नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जेएटीसीसी हेमंत सिंह को टेंट एवं पंडाल व्यवस्था, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शिवेन्द्र सिंह को मेला स्थल का लेआउट एवं सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग एनएस रघुवंशी और सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास मनीष सेठ को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समुचित व्यवस्था करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
डाइट प्राचार्य सुधीर उपाध्याय व डीपीसी योगेश शर्मा को पुरानी पुस्तकें प्राप्त कर उनके सेट बनवाने, एनसीईआरटी की पुस्तकों को आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराने एवं बुक बैंक की समस्त व्यवस्थाओं का कार्यभार सौंपा गया है। महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र विनीत रजक को दुकानदारों के साथ समन्वय स्थापित करने एवं कैरियर काउंसलिंग कराने और सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण विभाग आशीष दीक्षित को स्वयं सेवी संगठनों से समन्वय करने के निर्देश दिये गए हैं। एसडीएम अधारताल पंकज मिश्रा को मेला स्थल की संपूर्ण साफ-सफाई, मैदान का समतलीकरण, मंच एवं कंट्रोल रूम की संपूर्ण व्यवस्था, अस्थाई टॉयलेट एवं मेला स्थल पर स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराने हेतु नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा उनके सहयोग के लिए अपर आयुक्त नगर पालिक निगम आरपी मिश्रा को नियुक्त किया है। प्रोटोकॉल की समस्त व्यवस्थाओं का दायित्व जिला सत्कार अधिकारी ऋषभ जैन को सौंपा गया है।
कलेक्टर श्री सक्सेना ने मेला स्थल पर दुकानों की 24 घंटे सुरक्षा तथा यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर को सौंपी है। मंच व्यवस्था तथा अशासकीय विद्यालय, पुस्तक विक्रेता एवं प्रकाशकों से समन्वय व शिकायतों के निराकरण की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी व डीपीसी की होगी। पुस्तक मेला के आय-व्यय का संपूर्ण लेखा रखने के लिये जिला कोषालय अधिकारी विनायिका लकरा, मेले में संचालित हेल्प डेस्क एवं समस्त तकनीकी कार्य के लिये जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस चित्रांशु त्रिपाठी तथा मेले स्थल पर स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था एवं फुड स्टॉल पर विक्रय होने वाली खाद्य साम्रगी की जांच के लिये सीएमएचओ एवं जिला खाद्य अधिकारी को दायित्व सौंपा गया है।




