20.4 C
Jabalpur
Saturday, February 28, 2026

कलेक्टर श्री यादव ने सिलौंड़ी में आयोजित जनसुनवाई में 79 आवेदकों की सुनीं समस्याएं

गोपालपुर हाई स्कूल का हायर सेकन्ड्री में उन्नयन का तैयार करें प्रस्ताव

विभागीय अधिकारियों को दिए समय -सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

कटनी

– कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार को जिले के दूरस्थ स्थल विकासखंड ढीमरखेड़ा के उपतहसील कार्यालय सिलौंड़ी पहुंचकर जनसुनवाई की। यहां आयोजित जनसुनवाई में 79 आवेदको ने पहुंच कर अपनी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी से कलेक्टर को अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान कृषि विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग और निर्माण कार्य सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्या और आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्री यादव ने आवेदकों से उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय ग्रामीण जनों की मांग पर पीएम श्री हाई स्कूल गोपालपुर का उन्नयन हायर सेकेंडरी स्कूल में करने संबंधी प्रस्ताव पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत, वनमण्डलाधिकारी श्री गौरव शर्मा, एस डी एम विकी सिंहमारे उईके भी मौजूद रहे।

संवेदनशील और जनोन्मुखी प्रशासन मुहैया कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री यादव ने उपतहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं जानने और वहां पहुंचकर निराकरण करने की अभिनव पहल की है। बीते 21 जनवरी को कलेक्टर श्री यादव ने बहोरीबंद के उप तहसील कार्यालय बिलहरी में जनसुनवाई कार्यक्रम में उपस्थित रहकर 53 आवेदकों की समस्याओं की सुनवाई की थी। कलेक्टर श्री यादव जनसुनवाई मे प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समय-सीमा बैठक में स्वयं समीक्षा करते है।

हाई स्कूल को हायर सेकंडरी तक करने करें कार्यवाही

जनसुनवाई के दौरान जनपद सदस्य निरंजन प्रसाद खटीक द्वारा पीएम श्री हाई स्कूल गोपालपुर को हायर सेकेन्ड्री 12 वीं तक करने के संबंध में प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा छात्र हित को दृष्टिगत रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल में अध्ययनरत कक्षा दसवीं के छात्रों की संख्या सहित आस-पास की मिडिल स्कूलों व उनमें अध्ययनरत छात्रों की जानकारी सहित सिलौंडी में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्रों की जानकारी एकत्र करते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अंत्येष्टि सहायता राशि का करें भुगतान

जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के ग्राम पंचायत इटौली के सरपंच द्वारा कलेक्टर श्री यादव के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम के 10 हितग्राहियों के प्रकरण ऑनलाईन जमा करने के पश्चात भी अब तक अंत्येष्टि सहायता की राशि प्राप्त नहीं होने की जानकारी दिये जाने पर कलेक्टर श्री यादव द्वारा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ को आवेदन की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए ।

गजनंदा तालाब का करें जीर्णाेद्धार

मनीष बागरी सिलौंडी द्वारा कलेक्टर श्री यादव के समक्ष पत्र प्रस्तुत कर ग्राम स्थित ब्रिटिश जमानें के गजनंदा तालाब का जीर्णाेद्धार की मांग किये जाने पर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा स्थानीय कृषकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही करनें के निर्देश दिए।

ग्रेच्युटी प्रकरण का करें निराकरण

शासकीय प्राथमिक शिक्षक संकुल केन्द्र करौंदी में पदस्थ रहीं श्रीमती करूणा राय द्वारा कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि संकुल केन्द्र सिलौंडी में पदस्थ रहते हुए 31 जनवरी 2024 को सेवानिवृत्ति के 1 वर्ष बीतनें के पश्चात भी गेच्युटी की राशि नहीं मिलनें की जानकारी दिये जाने पर कलेक्टर श्री यादव द्वारा पेंशन अधिकारी को प्रकरण पर समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

सर्वे कर दें पट्टा

सिलौंडी निवासी अंकुर राय पिता गणेश राय ने बताया कि उनका मकान सिलौंडी के पंचमुखी मंदिर के पास है। राजस्व विभाग द्वारा ड्रोन सर्वे के पश्चात उनका मकान एवं आसपास की भूमि को शासकीय भूमि दर्ज कर दिया गया है तथा पट्टे भी नहीं दिये जाने की जानकारी प्रदान करने पर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा एस.डी.एम ढीमरखेड़ा को उक्त भूमि का पट्टा प्रदान करनें हेतु आवश्यक कार्यवाही करनें के निर्देश दिए गए।

करें बटांकन की कार्यवाही

जनसुनवाई के दौरान ग्राम धनवाही निवासी कैलाश, बिहारी सिंह, वीरेन्द्र सिंह एवं अन्य द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उन्हे वन अधिकार अधिनियम के तहत भूमि के पट्टे का आवंटन वर्ष 2008 में हुआ था। बटांकन नहीं होने के कारण उक्त भूमि से खाद, बीज, धान आदि का लाभ नहीं मिलने की जानकारी दिये जाने पर कलेक्टर श्री यादव द्वारा सहायक आयुक्त सहकारिता को प्रकरण पर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान अतरसुमा निवासी संदीप कुमार हल्दार द्वारा विकलांग सर्टिफिकेट की द्वितीय प्रतिलिपि प्रदान करने हेतु, रघुवीर सिंह एवं राजकुमारी चौधरी द्वारा ग्राम सिलौड़ी में आधार पंजीयन केंद्र खोलने, संबल हितग्राही को अनुग्रह सहायता राशि प्रदान करने सहित अन्य आवेदनों पर सुनवाई की जाकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय जिला अधिकारियों की मौजूदगी रही।

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 88 आवेदनों पर हुई सुनवाई

कार्यालय कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति शर्मा, निधि सिंह गोहल एवं डिप्टी कलेक्टर विवेक कुमार गुप्ता द्वारा नगरीय एवं जिले के दूर दराज से आये 88 आवेदकों के आवेदनों पर सुनवाई की जाकर आवेदनों पर कार्यवाही करने हेतु विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

सुंदरलाल बर्मन
सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
28FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View