मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) के मार्गदर्शन में संचालित “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश”अभियान के अंतर्गत
पोंडा (मध्य प्रदेश
शनिवार 18 जनवरी 2025 को ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्था गुरजी सेक्टर, पोंडा क्रमांक–01 द्वारा एक प्रेरणादायी ग्राम स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समाज में सहभागिता, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सामूहिक चेतना को सशक्त करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामोदय से अभ्युदय की मूल अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए की गई, जिसमें बताया गया कि किस प्रकार जनभागीदारी के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर, संगठित और विकासोन्मुख बनाया जा सकता है। इस अवसर पर खेल प्रतियोगिता को केंद्र में रखते हुए ग्रामीण युवाओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत की गई। प्रमुख आकर्षण के रूप में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसने ग्रामीण युवाओं के जोश, टीम भावना और खेल कौशल को मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्री राजा पटेल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और स्वस्थ समाज की नींव है। वहीं ग्राम सचिव श्री शिव नारायण पटेल ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्राम विकास में संस्थाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
नवांकुर संस्था की ओर से अध्यक्ष श्री अरविंद दुबे, सचिव श्री शुभम कुमार सहित विवेक यादव, शुभम पटेल, रजनी पटेल, घसीटेलाल लोधी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके साथ ही नवांकुर संस्था काशी ग्राम विकास समिति के संचालक श्री सुनील यादव योग प्रशिक्षक श्री योगेंद्र श्रीवास्तव, परामर्शदाता श्री नीरज दुबे, श्री मनीष अवस्थी, श्रीमती पूनम चौबे, श्री सतीश पाठक एवं श्री सचिन नामदेव की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और खेल गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम विकास के लिए निरंतर ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित रहा, बल्कि ग्रामोदय से अभ्युदय की सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सशक्त और प्रेरक कदम सिद्ध हुआ।




