मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 फरवरी से शुरू होने वाली विकास यात्रा के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के साथ जुड़कर नगरीय निकाय, जिला पंचायत के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं समस्त कमिश्नर, कलेक्टर्स के साथ चर्चा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
भोपाल
सीएम श्री चौहान ने कहा कि चाणक्य जी ने राजधर्म की व्याख्या करते हुए कहा था- प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां तु हिते हितम् । नात्मप्रियं हितं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं हितम ॥ अर्थात जनता के सुख में ही शासक का सुख है। जनता के हित में ही शासक का हित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सड़कों का जाल बिछ रहा है। प्रदेश में इस समय 66 हजार करोड़ की सिंचाई योजनाओं पर काम चल रहा है। नल -जल योजनाओं का जाल बिछ रहा है, इस समय 56 हजार करोड़ का काम चल रहा है।
सीएम श्री चौहान ने संवाद करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में 50 हजार करोड़ की सड़कों के निर्माण का काम चल रहा है। बड़े महानगर से छोटी ग्राम पंचायतों तक काम चल रहे हैं। इन विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 5 फरवरी को संत रविदास जी की जयंती है। इस दिन से यात्राएं प्रारंभ होंगी और 25 फरवरी तक चलेंगी। यात्राओं में विकास पताका और विकास रथ भी चलेंगे। इन यात्राओं का उद्देश्य है कि योजनाओं का प्रचार-प्रसार हो सके। यात्राओं में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएं। नए हितग्राहियों की सूची बनाएं और उनको योजनाओं का लाभ दिलाएं।