रज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा अधिकृत असम के अक्षर फाउंडेशन द्वारा मध्यप्रदेश में एकमात्र जबलपुर जिले की चयनित पांच शालाओं को नई शिक्षा नीति-2020 के तहत विकसित किया जाएगा ।
जबलपुर
इन स्कूलों में शासकीय प्राथमिक शाला सुभाष नगर, शासकीय माध्यमिक शाला बरगी हिल्स, शासकीय माध्यमिक शाला अमझर, शासकीय माध्यमिक शाला बेनीखेड़ा एवं शासकीय माध्यमिक शाला नटवारा शामिल है । नटवारा आवासीय विद्यालय है जहां 425 विद्यार्थी अध्यनरत हैं ।
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र योगेश शर्मा ने बताया कि इन विद्यालयों को कार्बन मुक्त एवं प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा । अर्थात इन विद्यालयों में अनुपयोगी प्लास्टिक को रिसाइकल कर उपयोगी बनाया जाएगा । इन विद्यालयों को सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट विद्यालयों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा । कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी व्यवसायिक शिक्षा भी प्रदान की जाएगी ।
जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि चयनित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ अक्षर फाउंडेशन द्वारा जिला शिक्षा केंद्र एवं डाईट की टीम के साथ एक कार्यशाला का आयोजन डाइट जबलपुर में किया गया । इसके साथ ही अक्षर फाउंडेशन की टीम द्वारा चयनित स्कूलों का भ्रमण कर शिक्षकों का उन्मुखीकरण भी किया जा चुका है। समय-समय पर इन स्कूलों की प्रगति से जिला टीम एवं राज्य शिक्षा केंद्र को भी अवगत कराया जाएगा ।




