कलेक्टर ने जन समस्याओं के निराकरण के लिए चांवरपाठा जनपद के ग्रामों का किया भ्रमण
ग्रामीणों से चर्चा कर मौके पर ही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए दिये निर्देश
नरसिंहपुर
प्रोजेक्ट निदान के तहत कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले की चांवरपाठा जनपद पंचायत के गांवों का भ्रमण शुक्रवार को किया। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी हकीकत जानी। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्यायें एवं कठिनाईयां जानी। उन्होंने लोगों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को हिदायत दी।
कलेक्टर ने शुक्रवार को जनपद पंचायत चांवरपाठा के ग्राम देवरी- राजमार्ग, पड़रिया, गुटोरी, बिलगुवां, खैरीकलां, खमरिया, रम्पुरा, बिलहेरा व नादिया का भ्रमण किया। इसके पूर्व नोडल अधिकारियों ने सेक्टर मुख्यालय देवरी के अंतर्गत आने वाली 12 ग्राम पंचायतों रम्पुरा, पीपरपानी, खमरिया, गुटौरी, बिल्गुवां, देवरी, गुंदरई, बिल्हरा, बिजौरा, नादिया, पड़रिया एवं खैरीकलां का भ्रमण कर लोगों की समस्यायें जानी और आवेदन लिये। विभिन्न आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, शेष आवेदनों को संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राजेश शाह, संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, नोडल अधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी और मैदानी अमला मौजूद था।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से जिले में प्रोजेक्ट निदान प्रारंभ किया गया है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़े। लोगों की समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाये। इसके लिए जिले में प्रोजेक्ट निदान के तहत “आपका प्रशासन- आपके आंगन” अभियान चलाया जा रहा है।