आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत देशभर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं ।
जबलपुर, 13 अगस्त, 2022
इसी तारतम्य में जबलपुर में भी समाज के सभी वर्ग व संस्थानों ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जन जागरूकता के लिए तथा देश प्रेम की भावना जागृत करने के लिए कई अभिनव कार्यक्रम कर रहे हैं।
इसी तारतम्य में आज मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन निगम द्वारा देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के तारतम्य में मैकल रिसोर्ट बरगी जलाशय पर क्रूज बोट एवं अन्य मोटर बोट में तिरंगा रैली का आयोजन किया। पर्यटन निगम द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा में नगर व बरगी क्षेत्र के तथा पर्यटकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विशेषकर युवा वर्ग एवं छात्रों में भारी उत्साह रहा। क्रूज में तिरंगा यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री विनोद गोंटिया, मध्यप्रदेश जन अभियान के उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद व संतगण, पूर्व मंत्री श्री शरद जैन, आयुक्त नि:शक्तजन श्री संदीप रजक, श्री अभिलाष पांडे तथा कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, नगर निगम कमिश्नर श्री आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना सहित मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अधिकारी तथा बड़ी तादाद में गणमान्य नागरिक व पत्रकार उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री गोंटिया ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रीय गौरव को जानने, समझने व महसूस करने के लिए आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान को प्रभावी तथा आकर्षक बनाने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा बरगी पर्यटन इकाई में क्रूज तिरंगा यात्रा कर यह संदेश पहुंचाना है कि आजादी के अमृत महोत्सव में 13 से 15 अगस्त तक सभी लोग अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गौरव को अनुभव करें, याद करें।